नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में घिरे कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा, रांची में POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज
रांची। झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रांची के धुर्वा थाने में शुक्रवार को उनके खिलाफ एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। नाबालिग के आवेदन के अनुसार वह सिमडेगा जिले की रहने वाली है। उसकी मां बचपन में ही उसे छोड़कर चली गई थी। वह अपने दादा के साथ रहती थी। मई 2026 में एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नाम की दो महिलाएं उसे पढ़ाई लिखाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ सिमडेगा से ले गईं।
आरोप है कि सिमडेगा पहुंचने के बाद उसी रात उसे रांची स्थित विधायक आवास लाया गया। अगले दिन से उससे घर का काम कराया जाने लगा।
नाबालिग का आरोप है कि कुछ दिनों बाद उसे फिर सिमडेगा ले जाया गया, जहां एमा बड़ा के निर्माणाधीन किराना दुकान के काम में उससे बालू ढुलवाने जैसे काम कराए गए। आवेदन में नाबालिग ने 5 अगस्त की घटना का विशेष रूप से उल्लेख किया है। उसके अनुसार उस दिन विधायक आवास में अन्य लड़कियां मौजूद नहीं थीं।
इसी दौरान विधायक भूषण बाड़ा वहां आया। नाबालिग का आरोप है कि वह पानी लेकर ऊपर गई थी, तभी विधायक ने उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने और चिल्लाने पर उसका मुंह बंद कर दिया गया। नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, रांची आने के कुछ समय बाद 5 अगस्त को विधायक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। डीएसपी नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत केस रजिस्टर कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
