IPL 2027 Auction की तारीख का ऐलान, इस बार दिन में होगी प्लेयर्स की नीलामी

अगले साल होने वाले आईपीएल का एक अहम पड़ाव पार हो गया है। सभी दस टीमों ने अपने उन प्लेयर्स की लिस्ट जारी कर दी है, जिन्हें उन्होंने रिटेन किया है। इस बार कई ​बड़े और दिग्गज​ खिलाड़ी भी रिलीज कर दिए गए हैं। रिटेंशन के बाद सभी को ऑक्शन का इंतजार रहता है। इसकी तारीख का ऐलान भी बीसीसीआई की ओर से कर दिया गया है, जो अब करी​ब एक महीने की दूरी पर है। खास बात ये है कि इस बार की नीलामी दिन में होगी, जो देर शाम तक चलेगी।

आईपीएल 2027 के लिए इसी साल दिसंबर में ऑक्शन होगा। हालांकि इसकी तारीख पहले ही सामने आ गई थी, लेकिन अब इसकी पुष्टि भी की जा चुकी है। जानकारी मिली है कि इस बार का ऑक्शन 16 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इस दफा विदेश में ना होकर भारत ही नीलामी होगी। इसके लिए गोवा को चुना गया है। नीलामी बुधवार को होगी। इस बीच पता ये भी चला है कि नीलामी का वक्त सुबह 11 बजे का रखा गया है। इससे पहले अक्सर आपने देखा होगा कि ऑक्शन शाम के वक्त होता था, जो देर रात तक चलता था, लेकिन इस बार दिन में इसे कराया जाएगा। जो देर शाम तक समाप्त हो सकता है।

अब सभी दस टीमों के पास 66 स्लॉट खाली हैं। यानी टीमें अधिकतम इतने ही खिलाड़ी खरीद पाएंगी। इसमें 25 ही विदेशी खिलाड़ी शामिल होंगे। अभी जो रिटेंशन हुए हैं, उसमें गुजरात टाइटंस ने सबसे ज्यादा 22 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। चेन्नई सुपरकिंग्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने अपने 19 खिलाड़ियों को अपने साथ ही रखने का फैसला किया है।

इस बीच अगर पर्स की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स यानी एलएसजी के पास सबसे ज्यादा पैसे बचे हुए हैं। टीम के पास अभी करीब 47.45 करोड़ रुपये बचे हुए हैं। इसके बाद केकेआर का नंबर आता है। टीम के पास 41.65 करोड़ रुपये बचे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के पास करीब 40 करोड़ और दिल्ली कैपिटल्स के पास 39 करोड़ रुपये के करीब बचा हुआ है। इस मामले में जीटी यानी गुजरात टाइटंस की टीम सबसे पीछे है। उसके पास नौ करोड़ से थोड़े कम रुपये बचे हैं।