Share Market :शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा लुढ़का, जानें बाजार का हाल
दो दिन की मजबूत तेजी के बाद शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इक्विटी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी नीचे आए। प्रमुख आईटी शेयरों और एचडीएफसी बैंक में मुनाफावसूली के कारण यह गिरावट दर्ज की गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 339 अंक गिरकर 83,958.53 पर आ गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 73.10 अंक गिरकर 25,812.35 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में सुधार और घरेलू शेयर बाजारों में सुस्त धारणा के कारण शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 24 पैसे गिरकर 92.62 पर आ गया।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फिनसर्व प्रमुख पिछड़ने वाले शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर, टाइटन, टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और पावर ग्रिड बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 96.50 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
