CG : स्कूल शिक्षा विभाग ने भर्ती की फाइल दौड़ाई,  5000 शिक्षकों की भर्ती.. व्यापम लेगा परीक्षा

छत्तीसगढ़ : स्कूल शिक्षा विभाग ने 5000 शिक्षकों की नई भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान धमतरी में शिक्षकों की नई भर्ती का ऐलान किया था। सीएम के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने नई भर्ती के लिए नोटशीट चला दी है। सब कुछ ठीक रहा तो अगले महीने 15 अगस्त तक परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में पांच हजार शिक्षकों की नई भर्ती होगी। हालांकि, सरकार ने कहा है कि पूरे प्रदेश में 30 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। मगर पहले चरण में पांच हजार नए शिक्षक भर्ती किए जाएंगे। इसके बाद फिर शिक्षकों की चरणबद्ध भर्तियां होंगी।

स्कूल शिक्षा विभाग के सीनियर अधिकारियों की मानें तो छत्तीसगढ़ में पहले चरण में जिन पांच हजार शिक्षकों की भर्ती होगी, उनमें व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक याने तीनों केटेगरी के शिक्षक शामिल होंगे। विभाग ने इसका ड्राफ्ट तैयार कर दिया है कि 5000 में से कितने व्याख्याता होंगे और कितने शिक्षक और सहायक शिक्षक। इस ड्राफ्ट को मुख्यमंत्री के पास भेजा गया है। मुख्यमंत्री ही स्कूल शिक्षा विभाग के भारसाधक मंत्री हैं। सीएम का अनुमोदन के बाद स्कूल शिक्षा विभाग भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।

स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार पांच हजार शिक्षकों की भर्ती परीक्षा व्यापम लेगा। इसके लिए व्यापम से बात हो चुकी है। जाहिर है, शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। इसके लिए व्यापम सहमत है। सरकार लेवल पर औपचारिकताएं पूरी होते ही व्यापम परीक्षा कार्यक्रम का ऐलान कर देगा। इसके बाद निर्धारित डेट से आवदेन भरने का काम शुरू हो जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिक्षकों की भर्ती का मापदंड इस बार व्यवहारिक रखा जाएगा। जरूरत के हिसाब से पिछली भर्तियों के मापदंड से इस बार बदलाव किया जाएगा। मुख्यमंत्री को भर्ती की फाइल भेजी गई है, उसमें मापदंड भी शामिल हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री के पास स्कूल शिक्षा विभाग है। सो, बिना विभागीय मंत्री के अनुमोदन भर्ती प्रक्रिया या मापदंड फायनलाइज नहीं हो सकता।

छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की भर्ती तीन साल बाद होने जा रही है। पिछली सरकार में 14 हजार शिक्षकों की भर्ती करने की घोषणा की गई थी। हालांकि, इतनी हो नहीं पाई। दस हजार के आसपास नए शिक्षक भर्ती किए गए। ये भर्तियां 2021 से लेकर 2023 तक चलती रहीं। इस तरह देखा जाए, तो करीब ढाई-तीन साल बाद सूबे में फिर शिक्षकों की भर्तियां होने जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *