Birthday Special : आज बॉलीवुड की बिंदास एक्ट्रेस काजोल का जन्मदिन, पति अजय देवगन ने किया ख़ास विश

बॉलीवुड की एक्ट्रेस काजोल आज 51 साल की हो गई हैं। वे एक फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनकी मां तनुजा अपने जमाने की मशहूर एक्ट्रेस रही हैं, जबकि उनके पिता शोमू मुखर्जी एक निर्माता-निर्देशक थे। काजोल शुरुआत में फिल्मों में नहीं आना चाहती थीं, लेकिन उनकी मां चाहती थीं कि वे भी उन्हीं की तरह फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखें और अपना एक अलग मुकाम बनाएं। काजोल ने अपनी पहली फिल्म बेखुदी सिर्फ मस्ती-मस्ती में साइन कर ली थी। हालांकि फिल्म फ्लॉप हो गई, लेकिन काजोल की एक्टिंग को खूब सराहा गया। काजोल अपनी एक्टिंग के साथ-साथ अपने बिंदास और मुंहफट अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। काजोल के पति और बॉलिवुड एक्टर अजय देवगन ने उनकी ब्लैक एंड व्हाइट में दो खूबसूरत तस्वीरें शेयर कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। अजय देवगन ने आज इंस्टाग्राम पर काजोल की दो बेहद ही खूबसूरत अनदेखी तस्वीरें शेयर कीं। इन ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरों के साथ अजय ने कैप्शन में लिखा, ‘बहुत कुछ कह सकता हूं लेकिन फिर आप अपनी आंखें घुमा लोगी तो….जन्मदिन मुबारक हो प्रिय।’ अजय के अलावा कई सेलेब्स और फैंस ने भी काजोल को जन्मदिन की बधाई दी है।

आज काजोल के 51वें जन्मदिन पर कई सेलेब्स और फैंस ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। सन ऑफ सरदार 2 की एक्ट्रेस कुब्रा सैत ने लाल दिल वाले इमोजी बनाए हैं। एक फैन ने लिखा, ‘मेरे जीवन की सबसे बेहतरीन अभिनेत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं’, एक और फैन ने लिखा, ‘मेरी सबसे पसंदीदा काजोल जी जन्मदिन मुबारक हो’, अजय की इस पोस्ट की तारीफ में एक और फैन ने लिखा, ‘यह जन्मदिन की बधाई बहुत प्यारी है’, एक और फैन ने लिखा, ‘आज आपका दिन है हैप्पी बर्थडे ब्यूटी क्वीन’,

काजोल ने दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे और करण अर्जुन में काम किया। दोनों ही फिल्में सुपरहिट रहीं और फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। काजोल की फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, रिलीज के 29 साल बाद भी मुंबई के मराठा मंदिर थिएटर में लगी हुई है।

काजोल और अजय दोनों ही लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं। ऐसे में दोनों ने मीडिया को दूर रखने के लिए शादी का गलत पता बताया। मीडिया दोनों का कहीं और इंतजार कर रही थी, लेकिन दोनों ने अजय देवगन के घर पर ही शादी कर ली। कभी खुशी कभी गम की शूटिंग के दौरान काजोल प्रेग्नेंट थीं। फिल्म रिलीज के बाद काजोल का मिसकैरेज हो गया। वो कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती थीं। इस फिल्म के बाद काजोल ने फिल्मों से ब्रेक ले लिया। पहले मिसकैरेज से उबरने के बाद काजोल ने हौसला बांधा और दोबारा फैमिली प्लानिंग शुरू की, लेकिन दूसरी बार भी उनका गर्भपात हो गया। काजोल कई दिनों तक दो मिसकैरेज के सदमे में रही थीं।

कुछ समय बाद 20 अप्रैल 2003 को काजोल ने बेटी निसा को जन्म दिया। 2009 में उनके घर बेटे युग का जन्म हुआ था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *