DMF घोटाला : सूर्यकांत 3 साल बाद जमानत पर रिहा, जेल के गेट को छूकर सिर झुकाकर बाहर निकला

छत्तीसगढ़ में DMF घोटाला केस में जेल में बंद सूर्यकांत तिवारी को गुरुवार शाम को रिहा कर दिया गया है। सूर्यकांत ने करीब 3 साल बाद जमानत पर बाहर आते समय जेल के मुख्य गेट के सामने सिर झुकाया। इस दौरान ऐसा भाव प्रकट किया जैसे किसी के पैर छू रहा हो। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से सूर्यकांत तिवारी को जमानत मिली है। उसकी ओर से सीनियर एडेवोकेट मुकुल रोहतगी, शशांक मिश्रा और तुषार गिरि ने कोर्ट में पैरवी की थी। जमानत मिलने के बाद अब सूर्यकांत को कोर्ट की तय की गई सभी शर्तों का पालन करना होगा। बतादें कि वह अक्टूबर 2022 से जेल में था। 29 अक्टूबर 2022 को सूर्यकांत ने जस्टिस अजय सिंह राजपूत की अदालत में सरेंडर किया था।
आज गुरुवार शाम जब सूर्यकांत जेल से बाहर आया, तो उसके चेहरे पर मुस्कान थी। वह सफेद शर्ट-पैंट और जैकेट पहनकर, हाथ में बैग लिए जेल से बाहर निकला। जेल के बाहर उसके दोस्त और रिश्तेदार उसका इंतजार कर रहे थे। उसने सभी से मुलाकात की और फिर कार में बैठकर घर की ओर रवाना हो गया।