आज देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, वृंदावन में 10 लाख भक्त, मथुरा में सोने से बनाए गए ठाकुर जी के वस्त्र

देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। मथुरा-वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्म उत्सव की धूम है। 10 लाख भक्त वृंदावन में मौजूद हैं। बांके बिहारी मंदिर के बाहर लंबी लाइनें हैं। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुरजी को अर्पित होने वाली पोशाक को 6 महीने में मथुरा के कारीगरों ने तैयार किया है। इसमें सोने-चांदी के तारों का इस्तेमाल किया गया है। कपड़े में इंद्रधनुष के 7 रंगों को रखा गया है। इसको पहनकर ठाकुरजी दिव्य और अलौकिक दिखेंगे। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम पर सजाया गया है। जिस फूल बंगला में ठाकुरजी विराजेंगे, उसको सिंदूरी रंग के फूलों से सजाया गया है। ये फूल कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए हैं। यहीं से ठाकुरजी भक्तों को दर्शन देंगे।
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर तालाब किनारे खड़ा श्री गोवर्धननाथजी मंदिर केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं है। यह उस मन्नत की निशानी है, जिसे पूरा करने के लिए राजा राव बहादुर भवानी सिंह ने 450 किलोमीटर पैदल यात्रा की थी। भगवान श्रीनाथजी की प्रतिमा को सम्मानपूर्वक एक सजे-धजे हाथी पर रखकर खिलचीपुर लाए थे।