अभिजीत दिपके, रांका और सौरव हिरासत में… फ्लाइट के अंदर ही एक्शन, फिर बस में बैठाकर ले गई पुलिस

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि उसके संस्थापक अभिजीत दीपके समेत तीन नेताओं को दिल्ली पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया है. पार्टी के मुताबिक, अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को विमान से दिल्ली पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया.

CJP ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे सत्तावादी कदम बताया है. पार्टी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने पहले से तय योजना के तहत उसके नेताओं को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया, ताकि वे प्रदर्शन स्थल तक न पहुंच सकें और शांतिपूर्ण प्रदर्शन का नेतृत्व न कर सकें.

पार्टी ने इसे आवाजाही की स्वतंत्रता का खुला उल्लंघन बताते हुए अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग की है.CJP फाउंडर अभिजीत दिपके की फ्लाइट जैसे ही लैंड हुई. तुरंत ही दिल्ली पुलिस के अफसर फ्लाइट के भीतर ही पहुंच गए. उन्हें देखते ही तीनों सीजेपी नेता समझ गए कि अधिकारी उन्हें डिटेन करने आए हैं. पुलिस और सीजेपी लीडर्स के बीच बातचीत हुई और इसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया.