अभिषेक सबसे तेज 100 टी-20 छक्के लगाने वाले बैटर

भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 मैच बारिश की वजह से नहीं हो सका। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए। इसके बाद बारिश आई और इंग्लैंड की पारी शुरू नहीं हो सकी। अभिषेक टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले बैटर बन गए। उन्होंने 59 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 68 रन की पारी खेली। वे इंग्लैंड में टी-20 फिफ्टी लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बने। अभिषेक शर्मा टी-20 में सबसे कम गेंद में 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 4 छक्के लगाए। अभिषेक ने 785 गेंद में 100 छक्के पूरे किए। उन्होंने वेस्टइंडीज के ईविन लुईस के 789 गेंद का रिकॉर्ड तोड़ा।

अभिषेक भारत के लिए 100 छक्के लगाने वाले पांचवे भारतीय बने। उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली के क्लब में जगह बनाई। रोहित शर्मा टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय हैं। उनके नाम 205 छक्के हैं। इस रिकॉर्ड में सूर्यकुमार यादव (179 छक्के), हार्दिक पंड्या (126 छक्के) और विराट कोहली (124 छक्के) भी शामिल हैं।

अभिषेक इंग्लैंड में टी-20 में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। अभिषेक ने महज 20 गेंद पर फिफ्टी पूरी की। उन्होंने केएल राहुल का 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। राहुल ने 2018 में मैनचेस्टर के मैदान पर 27 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।

श्रेयस इंग्लैंड में जाकर टी-20 में फिफ्टी लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन्होंने 68 रन बनाए। यह इंग्लैंड के मैदान पर टी-20 में किसी भारतीय कप्तान की सबसे बड़ी पारी है। उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा। कोहली ने 2018 में कार्डिफ के मैदान पर 47 रन बनाए थे।

चेस्टर-ली-स्ट्रीट में भारत का कोई मैच कंप्लीट नहीं हो पाया है। भारत ने यहां 3 मैच खेले हैं और तीनों मुकाबले बेनतीजा रहे। इससे पहले 2002 और 2011 का वनडे मैच पूरे नहीं हो पाए थे।

भारतीय पारी के दूसरे ओवर में ईशान किशन रन आउट हुए। साकिब महमूद की आखिरी गेंद को किशन ने मिड-ऑन की ओर खेला। वे शॉट लगाते ही सिंगल के लिए दौड़ पड़े। दूसरे छोर पर खड़े अभिषेक शर्मा ने रन के लिए मना कर दिया।

किशन वापस लौटे और क्रीज में पहुंचने के लिए फुल स्ट्रेच डाइव लगाई। इस दौरान ब्रूक के थ्रो पर विकेटकीपर जोस बटलर ने स्टंप बिखेर दी। किशन क्रीज से दूर रह गए। वे लगातार दूसरे मैच में रन आउट हुए। इससे पहले वे आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 में भी 12 रन बनाकर रनआउट हो गए थे।