FIFA वर्ल्ड कप में हाईवोल्टेज ड्रामा, रेफरी से भिड़ गए सेनेगल के खिलाड़ी, VAR पर बवाल

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में बेल्जियम ने अविश्वसनीय वापसी करते हुए सेनेगल को 3-2 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा बेल्जियम की जीत नहीं, बल्कि VAR के जरिए दिया गया विवादित पेनल्टी फैसला रहा. इस फैसले से नाराज सेनेगल के खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर हंगामा किया और रेफरी का घेराव कर दिया. 2 जुलाई (गुरुवार) को सिएटल में खेले गए रोमांचक मुकाबले में सेनेगल ने शुरुआत से ही बेल्जियम पर दबाव बनाए रखा. हबीब डियारा और इस्माइला सार के गोल की बदौलत टीम ने 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली. ऐसा लग रहा था कि सेनेगल पहली बार वर्ल्ड कप के अंतिम-16 में पहुंचने का सपना पूरा कर लेगा, लेकिन बेल्जियम ने शानदार वापसी करते हुए मैच का पूरा रुख बदल दिया.

बेल्जियम के स्टार स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू ने पहले गोल कर टीम की वापसी की उम्मीद जगाई. इसके बाद यूरी टिलेमैन्स ने बराबरी का गोल दागकर स्कोर 2-2 कर दिया. निर्धारित 90 मिनट में कोई विजेता नहीं निकल सका और मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंच गया. अतिरिक्त समय में मैच का सबसे विवादित पल आया. बेल्जियम के यूरी टिलेमैन्स बॉक्स के अंदर पहुंचे, जहां सेनेगल के लामिन कामारा के साथ उनकी टक्कर हुई. रेफरी सईद मार्टिनेज ने पहले इसे सामान्य चुनौती मानते हुए पेनल्टी देने से इनकार कर दिया.

हालांकि VAR रिव्यू के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल दिया और बेल्जियम को पेनल्टी दे दी गई. यही फैसला सेनेगल के खिलाड़ियों के गले नहीं उतरा. फैसला बदलते ही सेनेगल के खिलाड़ी रेफरी के पास पहुंच गए. कुछ खिलाड़ी पिचसाइड मॉनिटर के पास जाकर विरोध करने लगे, जबकि कई खिलाड़ी पेनल्टी स्पॉट के आसपास खड़े होकर फैसले का विरोध करते रहे. खिलाड़ियों के तीखे विरोध के कारण खेल करीब 10 मिनट तक रुका रहा.