जिस अबरार अहमद को काव्या मारन ने खरीदा.. उसने भारत के खिलाफ हमेशा उगला है जहर, भारतीय क्रिकेटर को दिया था ‘चैलेंज’

इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी लीग द हंड्रेड में प्लेयर्स ऑक्शन के बाद पाकिस्तानी लेग-स्पिनर अबरार अहमद सुर्खियों में आ गए हैं. 12 मार्च (गुरुवार) को लंदन में हुई 2026 सीजन की नीलामी में अबरार को सनराइजर्स लीड्स ने उन्हें करीब 1.90 लाख पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा. सनराइजर्स लीड्स का मालिकाना हक सन ग्रुप के पास है. बता दें कि सन ग्रुप ही आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का मालिक है. इस साइनिंग के बाद भारत में सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. सनराइजर्स के फैन्स ‘ऑरेंज आर्मी’ ने भी इस फैसले पर सवाल उठाए. सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की सीईओ काव्या मारन भी आलोचकों के निशाने पर हैं.

दरअसल, फैन्स का गुस्सा सिर्फ इस बात पर नहीं है कि किसी भारतीय फ्रेंचाइजी ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को साइन किया है, बल्कि अबरार अहमद के कुछ पुराने बयान और सोशल मीडिया पोस्ट भी इस विवाद को हवा दे रहे हैं. वैसे भी अबरार भारत विरोधी पोस्ट और बयान के चलते सुर्खियों में आते रहे हैं.

अबरार अहमद का एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट फिर से वायरल हो गया है. इस पोस्ट में उन्होंने ‘फैंटास्टिक टी’ का जिक्र किया था. भारतीय फैन्स ने इस पोस्ट को भारतीय वायुसेना के पायलट अभिनंदन वर्धमान के उस वायरल वीडियो से जोड़कर देखा, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान में दी गई चाय को ‘फैंटास्टिक’ बताया था. कई यूजर्स ने इस पोस्ट को भारतीय सेना से जुड़े संवेदनशील मुद्दे पर तंज के रूप में देखा, जिसके कारण अबरार को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा.

साल 2019 में पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया था. तब सीमा पर काफी तनाव पैदा हुआ और पाकिस्तान की तरफ से की गई हिमाकत का भारतीय सशस्त्र बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया था. अभिनंदन वर्धमान ने तो मिग-21 बाइसन फाइटर जेट से पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था. हालांकि, इसी दौरान अभिनंदन का विमान क्रैश हो गया था और वो पाकिस्तानी क्षेत्र में चले गए. पाकिस्तानी सेना ने अभिनंदन को पकड़ लिया था, लेकिन भारत के डर से उन्हें दो दिन बाद ही रिहा कर दिया था.

2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के दौरान भी अबरार अहमद की कुछ सोशल मीडिया गतिविधियां चर्चा में आई थीं. उस समय उनके कुछ पोस्ट और टिप्पणियों को लेकर भारतीय यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी. अब सनराइजर्स लीड्स द्वारा अबरार को साइन करने के बाद वही पोस्ट फिर से वायरल हो रहे हैं.

एक पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में अबरार अहमद से पूछा गया था कि वह किस इंटरनेशनल प्लेयर के साथ बॉक्सिंग रिंग में उतरना चाहेंगे. इस पर उन्होंने भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का नाम लिया था. यानी अबरार ने धवन को एक तरह से चैलेंज दिया था. कुछ लोगों ने इसे मजाक के तौर पर लिया, लेकिन कई भारतीय फैन्स ने इसे अनावश्यक टिप्पणी बताया.