अयोध्या में सरयू स्नान के दौरान बड़ा हादसा: जन्मदिन मनाने आए बस्ती के 3 युवक डूबे, रेस्क्यू जारी
बस्ती जिले के पांच युवक एक किशोर का जन्मदिन मनाने के बाद मंगलवार को अयोध्या के लक्ष्मण घाट पर सरयू स्नान करने पहुंचे. स्नान के दौरान तीन युवक अभिषेक कुमार सोनी, अमित गुप्ता और राज गुप्ता गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में डूब गए. मौके पर मौजूद जल पुलिस ने किनारे पर डूब रहे अमरोहा निवासी दो अन्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हादसे की सूचना पर पहुंची SDRF और जल पुलिस की टीमें लापता युवकों की तलाश में जुटी हैं. प्रशासन ने घायलों को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेज दिया है और राहत कार्य की निगरानी की जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रशासन के अनुसार, लक्ष्मण घाट क्षेत्र में स्नान करते समय युवक तेज धारा में फंस गए. बताया जा रहा है कि एक-दूसरे को डूबने से बचाने के प्रयास में तीनों युवक गहरे पानी में चले गए और हादसे का शिकार हो गए. लापता तीनों युवक बस्ती के पुरानी बस्ती क्षेत्र के रहने वाले हैं. घटना के बाद घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया है.
एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि लापता युवकों की तलाश के लिए जल पुलिस और SDRF की टीमों द्वारा युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. गोताखोरों की मदद से नदी की गहराई खंगाली जा रही है. मौके पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सरयू में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने और गहरे पानी में न जाने की अपील की है.
