दिल्ली में गलत रनवे पर उतरा अफगानिस्तान का प्लेन, उड़ान भरने वाले रनवे पर हो गई लैंडिंग

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। यहां अफगानिस्तान का एक विमान उड़ान भरने वाले रनवे पर उतर गया। गनीमत रही कि इस रनवे पर कोई दूसरा विमान नहीं था। घटना रविवार दोपहर 12:06 बजे की है, लेकिन सोमवार सुबह मीडिया में आई। अफगानिस्तान की एरियाना एयरलाइंस की यह फ्लाइट FG 311 काबूल से आ रहा था। विमान को रनवे 29 Left (29L) पर लैंडिंग की अनुमति दी गई थी, लेकिन पायलट ने गलती से इसे रनवे 29 Right (29R) पर उतार दिया। यह रनवे आमतौर पर टेकऑफ के लिए इस्तेमाल होता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय रनवे 29R पर कोई विमान टेकऑफ के लिए मौजूद नहीं था, वरना गंभीर हादसा हो सकता था। एविएशन अथॉरिटीज ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि अफगानिस्तान के एविएशन अधिकारियों को इस गंभीर गलती को लेकर रिपोर्ट भेजी जाएगी।

दिल्ली एयरपोर्ट के अधिकारियों ने विमान के गलत रनवे पर उतरने की घटना को ‘मिरेकल एस्केप’ बताया है। यानी, जब बहुत बड़ा हादसा होने की संभावना हो, लेकिन किसी संयोग या किस्मत से वह टल जाए।