अकवान का असर, छत्तीसगढ़ में कल से बारिश का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर दिख सकता है। इसके प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दोनों दिन अलग-अलग जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच बलरामपुर में रात का पारा गिरकर 8.9 डिग्री पहुंच गया है। प्रदेश में ठंड का असर भी बना हुआ है। बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। 20 नवंबर दोपहर तक इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे चक्रवात आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 520 किमी दक्षिण-पूर्व, चेन्नई से 560 किमी पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 660 किमी दक्षिण में था।
इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच टकराने की संभावना है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
प्रदेश में बुधवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 8.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं 9.2 डिग्री अंबिकापुर में रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री रहा।
राजधानी में आज बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रह सकता है।
