CG : महिला कलाकारों संग मंच पर झूमने लगे BJP विधायक, वीडियो हुआ वायरल; कांग्रेस ने घेरा

छत्तीसगढ़ के साजा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक ईश्वर साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें विधायक एक महिला कलाकार के साथ मंच पर झूमते नजर आ रहे हैं. ईश्वर साहू के महिला कलाकारों के साथ झूमते हुए वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल शुरू हो गई है. कांग्रेस ने इस वीडियो को साझा कर विधायक और बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.

जानकारी के मुताबिक, यह मामला बेमेतरा जिले के नगर पंचायत मारो का है. यहां करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव और कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिप्टी सीएम अरुण साव के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद सांस्कृतिक आयोजन जारी रहा. इसी दौरान विधायक ईश्वर साहू महिला कलाकारों के साथ मंच पर डांस करने लगे. वह ‘कहां गयो चिलम तंबाकू को डब्बा’ गाने पर ठुमके लगाते दिखाई दिए. उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए विधायक पर तंज कसा. पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, महंगी बिजली और पटवारियों की हड़ताल जैसी समस्याओं से आम जनता परेशान है, लेकिन जनप्रतिनिधियों को इन मुद्दों की चिंता नहीं है.

कांग्रेस ने गरीबों को चना-गुड़ नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया और बीजेपी सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए.

ईश्वर साहू 2023 के विधानसभा चुनाव में पहली बार साजा सीट से विधायक चुने गए थे. चुनाव से पहले बेमेतरा के बिरनपुर में हुई हिंसा में उनके बेटे भुवनेश्वर साहू की मौत हो गई थी. इसके बाद बीजेपी ने उन्हें टिकट दिया था और उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस मंत्री रविंद्र चौबे को चुनाव में हराया था.