अमरकंटक में पति ने खाना समय पर नहीं देने पर पत्नी को मारी कुल्हाड़ी, फिर अगले ही दिन लगा ली फांसी
अनूपपुर। अमरकंटक थाना क्षेत्र के बैंक टोला में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक युवक द्वारा अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला करने और अगले ही दिन फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज करने के साथ आत्महत्या के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार धन सिंह पिता फूल सिंह उरेती, उम्र 37 वर्ष, मूल निवासी सरईटोला गिरारी तथा वर्तमान निवासी वार्ड क्रमांक 11 बैंक टोला, मजदूरी का काम करता है। बताया गया कि 18 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे धन सिंह शराब के नशे में अपनी पत्नी पार्वती बाई से खाना समय पर नहीं देने की बात को लेकर विवाद कर रहा था।
इसी दौरान गुस्से में उसने कथित रूप से कुल्हाड़ी से पत्नी के बाएं गाल और कान के पास वार कर दिया। हमले में पार्वती बाई गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके चेहरे से खून बहने लगा।
घटना के बाद पड़ोसी सुमन पिता जगदीश सिंह उम्र 35 वर्ष, ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे धन सिंह के घर से रोने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे। वहां पार्वती बाई घायल अवस्था में मिली। परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पत्नी पर हमले के बाद धन सिंह को पुलिस कार्रवाई और जेल जाने का भय सताने लगा था। इसी बीच 19 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे धरम सिंह की बेटी जब घर पहुंची तो धन सिंह को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार वह शराब पीता था और पत्नी के साथ आए दिन विवाद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
