मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे जाम में घंटों फंसी रही एम्बुलेंस, 2 साल के मासूम बच्चे की चली गई जान

महाराष्ट्र के वसई इलाके में गुरुवार को हुए दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से लगे भारी ट्रैफिक जाम के कारण एम्बुलेंस करीब 5 घंटे तक फंसी रही। इसके चलते दो साल के मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। पेल्हार इलाके में रहने वाला रियान शेख (उम्र 2 साल) गुरुवार दोपहर चौथी मंजिल से नीचे गिर गया था। इस हादसे में उसके पेट में गंभीर चोटें आईं थीं। परिवार वालों ने तुरंत उसे नजदीकी गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। दोपहर करीब डेढ़ बजे रियान को एम्बुलेंस से मुंबई के लिए रवाना किया गया। लेकिन मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से ही लगी भीषण जाम की वजह से एम्बुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। दोपहर तक यह जाम और भी भयावह हो गया। मुंबई से गुजरात और गुजरात से मुंबई आने-जाने वाले दोनों मार्गों पर 20 से 25 किलोमीटर लंबी वाहन कतारें लग गई थीं।

जाम में फसी एम्बुलेंस में रियान की हालत बिगड़ते देख परिवारजन उसे नजदीकी ससूनवघर गांव के एक छोटे अस्पताल में लेकर पहुंचे। लेकिन वहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश है। राजमार्ग की देखरेख, ट्रैफिक मैनेजमेंट की खामिया और आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस को प्राथमिकता न देने पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *