देर रात 12 बजे भोपाल पहुंचे अमित शाह, मध्य प्रदेश गौपालक सम्मेलन में होंगे शामिल

भोपाल: केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के दौरे पर देर रात विशेष विमान से भोपाल पहुंचे. एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व प्रदेश अध्यक्ष ने उनका स्वागत किया. अमित शाह स्टेट हैंगर से सीधे होटल ताज पहुंचे और यहां रात्रि विश्राम किया. इसके पहले उन्होंने संगठन और सरकार के प्रमुख नेताओं से चर्चा की. अमित शाह 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में होने जा रहे राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में शामिल होंगे.

कार्यक्रम में अमित शाह 255 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का डिजिटल भूमिपूजन भी करेंगे. इस प्लांट से हर दिन 3 लाख लीटर दूध का प्रारंभिक प्रसंस्करण होना प्रस्तावित है. इसके अलावा गृह विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे. केन्द्रीय गृह मंत्री 3 अक्टूबर को रात 8 बजे भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे भेल दशहरा मैदान में होने जा रहे राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में शामिल होने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे. केन्द्रीय गृह मंत्री कार्यक्रम स्थल पर नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शन का भी उद्घाटन करेंगे. इसके बाद केन्द्रीय गृह मंत्री कार्यक्रम में मंच पर पहुंचेंगे और पशुपालकों को बोनस राशि देंगे. यहां गौपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा. इस दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति के पत्र भी बांटे जाएंगे.

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह सांची दुग्ध संघ परिसर में शुरू होने जा रहे फर्मेटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का भी शुभारंभ करेंगे. इस प्लांट की खासियत यह रहेगी कि इसमें हर दिन 40 हजार लीटर दूध का प्रसंस्करण हो सकेगा. इसके अलावा इसमें दूध, दही, मट्ठा, लस्सी, श्रीखंड आदि उत्पाद भी बड़ी मात्रा में तैयार होंगे. इसमें हर दिन 800 किलो श्रीखंड और 1 हजार किलो मावा तैयार किया जा सकेगा.

अधिकारियों के मुताबिक इससे दूध, दही आदि दुग्ध उत्पादों की बढ़ी डिमांड को आसानी से पूरा किया जा सकेगा. इस प्लांट को 16.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. इसमें केन्द्र सरकार से 6 करोड़ रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ है.

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल प्रवास को देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने मार्ग और यातायात व्यवस्था जारी की है. इसी क्रम में भोपाल देहात पुलिस ने नगरीय सीमा से जुड़े इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. डीआईजी भोपाल ग्रामीण रेंज राजेश सिंह चंदेल और पुलिस अधीक्षक भोपाल देहात पंकज कुमार पाण्डेय ने परवलिया सड़क, ईंटखेड़ी, सूखी सेवनिया और बिलखिरिया थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया.

अधिकारियों ने प्रमुख आवागमन मार्गों, नगरीय सीमा से जुड़े रास्तों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और बल को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए हैं.