लग्जरी होटल में रुकता, खाना खाता फिर कीमती आइटम लेकर हो जाता था फरार, रायपुर में शातिर ठगी का मामला

छत्तीसगढ़ : रायपुर में फाइन स्टार होटलों को निशाना बनाने वाले एक शातिर ठग का मामला सामने आया है। यह शातिर ठग होटल में मेहमान बनकर आता है उसके बाद वहां से कीमती सामान लेकर फरार हो जाता है। शातिर ठग ने रायपुर में भी एक होटल प्रबंधन के साथ धोखाधड़ी की है। होटल प्रबंधन की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज क लिया है। शातिर ठग ने तीन दिनों तक लग्जरी सुविधाओं का आनंद लिया। महंगा भोजन किए और फिर ऑफिस के काम का बहाना बनाकर होटल का लैपटॉप लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना रायपुर के होटल हयात की है। आरोपी की पहचान तमिलनाडु निवासी 61 वर्षीय भीमसेन जॉन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह होटल में तीन दिनों तक रुका, इस दौरान उसने होटल की सभी सुविधाओं का उपयोग किया और कर्मचारियों का विश्वास जीत लिया। बाद में ऑफिस का जरूरी काम होने का हवाला देकर होटल का लैपटॉप अपने साथ ले गया और वापस नहीं लौटा।

जिसके बाद होटल प्रबंधन ने मामले की शिकायत तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी पर देश के कई बड़े शहरों के फाइव स्टार होटलों में इसी तरह की ठगी करने के आरोप है। मुंबई, दिल्ली, पुणे और हैदराबाद सहित कई शहरों में वह होटल प्रबंधन को अपना शिकार बना चुका है।

फिलहाल तेलीबांधा थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। मामले की जानकारी देते हुए सेंट्रल जोन के डीसीपी उमेश गुप्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है। टीम होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।