सीएमओ ऑफिस में इंजीनियर और साथियों ने अकाउंटेंट को पीटा, वेतन-भुगतान में देरी को लेकर विवाद, थप्पड़ जड़े
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद के देवभोग नगर पंचायत में वेतन भुगतान में देरी को लेकर सीएमओ ऑफिस में इंजीनियर और उसके साथियों ने अकाउंटेंट की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान इंजीनियर और उसके साथियों ने अकाउंटेंट को थप्पड़ जड़े और घूंसा मारा। जानकारी के मुताबिक घटना 7 मई की शाम करीब 5 बजे के बाद की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों को 1 मई को मिलने वाला वेतन 7 मई तक जारी नहीं हो पाया था, जिससे नगर पंचायत के इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक नाराज थे। इसी बात को लेकर उन्होंने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को सीएमओ कक्ष में बुलाया।
सीएमओ के केबिन में दोनों के बीच वेतन भुगतान को लेकर तीखी बहस शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि इंजीनियर के साथ मौजूद कुछ सहयोगियों ने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर के साथ हाथापाई शुरू कर दी। जवाब में संदीप चंद्राकर ने भी विरोध करते हुए हाथ चला दिए। देखते ही देखते सीएमओ कक्ष का माहौल तनावपूर्ण हो गया और वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद उसी दिन देवभोग पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि अब यह विवाद केवल मारपीट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कर्मचारी संगठनों ने भी मोर्चा खोल दिया है।
अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर के समर्थन में कर्मचारी यूनियन थाने पहुंची और इंजीनियर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इधर नगर पंचायत में भी इस घटना को लेकर नाराजगी का माहौल है। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि शांतिप्रिय निकाय कार्यालय को विवाद और मारपीट का केंद्र बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
