मणिपुर में असम राइफल्स कैंप पर भीड़ का हमला, सुरक्षा बलों ने संभाली स्थिति

इंफाल। मणिपुर के सेनापति जिले में असम राइफल्स द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद उग्र भीड़ ने असम राइफल्स के कैंप पर हमला कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कैंप पर पथराव किया और सुरक्षा बलों के तीन वाहनों में आग लगा दी। घटना मंगलवार रात करीब 9:30 बजे हुई। सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़कर और भीड़ को तितर-बितर कर आधी रात तक स्थिति पर नियंत्रण पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, माकुइलोंगडी क्षेत्र में हथियारबंद उग्रवादियों की मौजूदगी की विश्वसनीय खुफिया सूचना मिलने के बाद असम राइफल्स ने क्षेत्र में गश्त और तलाशी अभियान चलाया था। यह इलाका ओकलोंग स्थित नामित एनएससीएन (आईएम) कैंप से करीब दो किलोमीटर पश्चिम में है।

अधिकारियों ने बताया कि खुफिया रिपोर्ट और इंटरनेट मीडिया पोस्ट में कुछ लोगों के निर्धारित कैंपों से बाहर हथियारों और वर्दी के साथ घूमने की जानकारी मिली थी, जो संघर्षविराम के नियमों का उल्लंघन माना गया। इस संबंध में सीजफायर मॉनिटरिंग ग्रुप को भी औपचारिक सूचना दी गई। तलाशी अभियान के दौरान माकुइलोंगडी और ओकलोंग गांवों में स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों का रास्ता रोक दिया।

तनाव बढ़ने के बाद सुरक्षा बलों ने अभियान वापस ले लिया, लेकिन रात में बड़ी संख्या में लोग सेनापति शहर में एकत्र होकर असम राइफल्स कैंप की ओर बढ़ गए। भीड़ ने कैंप के बाहर खड़े एक वाहन को आग के हवाले कर दिया, दो ट्रकों को पलटकर क्षतिग्रस्त कर दिया और एक कार को भी जला दिया। कैंप के सामने बना प्रतीक्षालय भी आग की चपेट में आ गया।