बिलासपुर में एटीएम तोड़कर चोरी की कोशिश, DVR और CCTV से भी छेड़छाड़

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात की कोशिश हुई। बदमाशों ने बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया और परिसर में लगे एटीएम में भी जमकर तोड़फोड़ की। हालांकि आरोपी बैंक से नकदी या अन्य सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, चोरों ने सुनसान रात का फायदा उठाकर बैंक को निशाना बनाया। उन्होंने बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश की कोशिश की। इसी दौरान बैंक के बगल में लगे एटीएम को भी नुकसान पहुंचाया गया। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सुबह जानकारी मिलते ही बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने बैंक के सीसीटीवी सिस्टम से छेड़छाड़ की है। इसके चलते पुलिस अब डीवीआर, बैंक परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को शक है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों ने पहले बैंक की रेकी की थी और उसी के बाद सुनियोजित तरीके से चोरी का प्रयास किया।

एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि ग्राम बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में चोरी के प्रयास की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। निरीक्षण में बैंक की दीवार और एटीएम में तोड़फोड़ की पुष्टि हुई है। एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और सीसीटीवी व डीवीआर की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस बैंक प्रबंधन से घटना से जुड़ी पूरी जानकारी ले रही है। साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर गिरफ्तारी की जाएगी।