2621 वाहन चालकों पर मोबाइल पर बात करने पर कार्रवाई: पहली बार 300, दूसरी बार 900 रुपए जुर्माना

बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 2621 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल पर बात करना चालक और दूसरे लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 21(25) के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना प्रतिबंधित है। नियम तोड़ने पर पहली बार 300 रुपए का जुर्माना लगाया जाता है। यदि वही चालक दोबारा पकड़ा जाता है तो उस पर 900 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

एडिशनल एसपी (ट्रैफिक) रामगोपाल करियारे ने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कैमरों से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। खास तौर पर वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

रामगोपाल करियारे ने कहा कि इस अभियान का मकसद जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। उन्होंने बताया कि वसूली गई जुर्माने की राशि भारत सरकार के खाते में जमा होती है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने की आदत युवाओं में अधिक देखने को मिल रही है। इसके चलते न केवल उनकी जान खतरे में पड़ती है, बल्कि अन्य वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है। इसलिए सभी आईटीएमएस कैमरों से ऐसे चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने से सड़क पर ट्रैफिक प्रभावित होता है। इससे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस, गैस, पेट्रोल-डीजल सप्लाई और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत होती है।

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि वाहन चलाते समय ईयरबड, ईयरफोन या सीधे मोबाइल पर बात करना भी नियमों का उल्लंघन है। ऐसे लोगों को चौराहों पर लगे पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

परिवहन विभाग के अनुसार, वर्ष 2025 में जिले में करीब 63 हजार नए वाहन पंजीकृत हुए हैं। लगातार बढ़ते वाहनों को देखते हुए सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों का पालन पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।