आजमगढ़ : मंत्री के स्वागत के नाम पर दो गुट आपस में भिड़े, कार्यक्रम में हंगामा… मारपीट
उत्तर प्रदेश सरकार के आजमगढ़ में प्रभारी मंत्री अनिल राजभर के सोमवार को जीएसटी सम्मेलन में भाग लेने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। स्वागत के नाम पर शुरू हुई यह घटना हाथापाई, गाली-गलौज तक पहुंच गई, जबकि पुलिस महज मुखदर्शक बनी रही। तनाव बढ़ते देख पुलिस ने दोनों गुटों को कोतवाली ले गई, जहां फिर से मारपीट हुई। इस घटना ने भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी को खुलकर उजागर कर दिया है।
जिला पंचायत के नेहरू हाल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे प्रभारी मंत्री अनिल राजभर की गाड़ी को आगे-पीछे करने और मंच पर चढ़ने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद भड़क उठा। एक तरफ भाजपा युवा मोर्चा के मंत्री अमन श्रीवास्तव हैं, जिन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय का संरक्षण प्राप्त है। वहीं दूसरे गुट में निखिल राय हैं, जो भाजपा जिला अध्यक्ष सदर ध्रुव कुमार सिंह की टीम से जुड़े हुए हैं। दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर मंच पर वर्चस्व जमाने का आरोप लगा रहे थे। घटनास्थल से हटाए गए दोनों गुटों को कोतवाली ले जाया गया, लेकिन वहां भी शांति न रही। हिरासत में होने के बावजूद कार्यकर्ता आपस में गाली-गलौज करने लगे और फिर से हाथापाई पर उतर आए। फिलहाल, दोनों गुट के कार्यकर्ता कोतवाली में ही जमे हुए हैं, और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना भाजपा की आंतरिक कलह को एक बार फिर सामने ला रही है। हाल ही में हरैया ब्लॉक के अविश्वास प्रस्ताव को लेकर भी जिले में दो गुटों के बीच तनाव उफान पर था। इस घटना से पार्टी की किरकिरी हो रही है, और कार्यकर्ताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई साफ नजर आ रही है। स्थानीय स्तर पर भाजपा नेताओं के बीच चल रही यह गुटबाजी पार्टी की एकजुटता पर सवाल खड़े कर रही है।
यूपी के जिला आजमगढ़ में भाजपा प्रभारी मंत्री के सामने ही भाजपा के दो गुट आपस में भिड़ गए और एक दूसरे को जूता चप्पल गाली थप्पड़ से मारपीट और गरियाए हैं, भारतीय जनता पार्टी का यही असली चाल चरित्र चेहरा है, भाजपा में हर भाजपाई सिर्फ और सिर्फ अपराधी है, क्योंकि इन गुंडे मावलियों को… pic.twitter.com/B9WHO2Q7Yr
— Samajwadi Party Media Cell (@mediacellsp) October 6, 2025
