बादशाह का ‘टटीरी’ सॉन्ग बदलाव के साथ रिलीज, रोडवेज बस-विवादित लाइन हटाई

बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह ने विवाद के बाद हरियाणवी सॉन्ग ‘टटीरी फिर से’ रिलीज कर दिया है। बादशाह ने गाने में विवादित सीन और लाइनों को हटा दिया है। जिस लाइन पर सबसे ज्यादा विवाद हुआ, उसकी जगह बादशाह ने रैप में बोला है- ‘आया बादशाह रंग दिखाने, फिर जलवा दिखाने’। रोडवेज बस के सीन को हटाकर लड़कियों को हरियाणवी पहनावे दामन-कुर्ती में एक अंडरपास में नाचते हुए दिखाया गया है। कुछ बुजुर्गों को भी हुक्के के साथ दिखाया गया है। यूट्यूब पर इस सॉन्ग पर अभी तक एक मिलियन व्यूज आ चुके हैं।

पिछले महीने एक मार्च को रिलीज हुए ‘टटीरी’ सॉन्ग में बोले गए शब्दों और सीन को लेकर हुए विवाद पर बादशाह पर पंचकूला और जींद में तीन मामले दर्ज किए गए। इसके बाद यूट्यूब से ये गाना हटा दिया गया था। हरियाणा महिला आयोग ने भी बादशाह को पेश होने के लिए कहा था। 7 मार्च को बादशाह ने राष्ट्रीय महिला आयोग में पेश होकर माफी मांग ली थी।