भूत बंगला की एडवांस बुकिंग स्लो, पहले दिन महज 14 लाख के टिकट बिके, धुरंधर-2 से हो सकता है नुकसान
अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म से भूल भुलैया, हेरा फेरी बना चुकी अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन की आइकॉनिक जोड़ी वापसी कर रही है, जिससे दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ट्रेलर को मिले फीके रिस्पॉन्स और स्लो एडवांस बुकिंग से उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो डायरेक्टर प्रियदर्शन ने रिलीज के 2 दिन पहले तक फिल्म में बदलाव किए हैं और इसकी लेंथ भी कम की है। वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म भूत बंगला ने अब तक 14.3 लाख का ही एडवांस बुकिंग कलेक्शन किया है। ये फिल्म अक्षय कुमार की पिछले साल रिलीज हुईं फिल्मों जॉली एलएलबी 3, हाउसफुल 5 और केसरी चैप्टर 2 के एडवांस कलेक्शन से फिलहाल काफी पीछे है।
फिलहाल फिल्म को रिलीज होने में 2 दिन बाकी हैं, तो फिल्म का एडवांस कलेक्शन बढ़ने के अनुमान हैं। देखना होगा कि ये पिछली फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ पाती है या नहीं। 2 अप्रैल को फिल्म को सेंसर बोर्ड की तरफ से UA 16+ सर्टिफिकेट मिला है। इसके लिए मेकर्स को फिल्म में कई बड़े बदलाव करने का सुझाव दिया गया था।
इन सीन पर चली सेंसर की कैंची
26वें मिनट पर आने वाले एक आपत्तिजनक शब्द को बदला गया है।
एक घंटे के आसपास आने वाले अश्लील शब्द को रिप्लेस किया गया है।
आखिरी हिस्से के अश्लील शब्द को हटाया गया है।
फर्स्ट हाफ में महिलाओं पर दिए गए आपत्तिजनक बयान को बदला गया है।
धर्म और अंधविश्वास से जुड़ा डिस्क्लेमर एड करने को कहा गया है।
