जेल से निकले बाहुबली अनंत सिंह, विधानसभा में छुए नीतीश कुमार के पैर

बिहार में मोकामा से विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो सामने आया है. जिसमें वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विधानसभा में पैर छू रहे हैं. इस वीडियो में नीतीश कुमार उन्हें आशीर्वाद भी देते देखे जा सकते हैं. जिस वक्त अनंत सिंह मुख्यमंत्री का पैर छू रहे थे, उस दौरान बगल में सम्राट चौधरी भी मौजूद थे. वीडियो में दोनों को बातचीत करते भी देखा जा सकता है. आज मंगलवार को अनंत सिंह विधानसभा की सदस्यता की शपथ लेने जेल से सीधे विधानसभा भवन गए थे. इस दौरान उन्होंने विधायक पद की शपथ ली और फिर तुरंत जेल के लिए रवाना हो गए. इस दौरान कई पुलिसकर्मी भी उनके साथ मौजूद थे. जिस दौरान अनंत सिंह विधानसभा में पहुंचे थे, उस वक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य बड़े नेता भी मौजूद थे.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देखते ही अनंत सिंह रुक गए और उनके पैर छुए. इस दौरान नीतीश कुमार ने उनका हाल पूछा. जिस पर उन्होंने कुछ जवाब भी दिया. इस मौके पर नीतीश कुमार के साथ सम्राट चौधरी भी मौजूद थे. अनंत सिंह ने उनसे भी बात की.

विधानसभा से बाहर निकलने के दौरान अनंत सिंह ने पत्रकारों से भी बात की. उन्होंने कहा कि मुझे न्याय मिलेगा. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी क्या बोलेगा, उसके बोलने के लिए कुछ बचा है? बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने मोकामा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी. जेडीयू विधायक पर चुनाव प्रचार के बीच दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप लगा था. जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था. तब से ही वह जेल में हैं और मंगलवार को विधानसभा में शपथ के लिए पहुंचे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *