बेकरी संचालक पर थूक लगाकर सामान बेचने का आरोप, हिन्दू संगठनों ने किया पुलिस के हवाले

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बेकरी शॉप संचालक पर थूक लगाकर सामान बेचने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद हिन्दू संगठनों ने जमकर हंगामा किया है। हिंदू संगठनों ने दुकान संचालक बाप-बेटे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। हिंदू संगठनों का आरोप है कि संचालक खुद को हिन्दू बताकर मोहल्ले में दुकान चला रहा था जबकि उसका असली नाम रेहान खान और एजाज खान है।

दरअसल, मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। हिंदू संगठनों का आरोप है कि दुकान संचालक खुद को हिंदू बताकर दुकान चलाता था। जब भी कोई कस्टमर सामान लेने आता था वह उस सामान में थूक देता था। हालांकि पुलिस का कहना है अभी ऐसा कोई पक्का सबूत नहीं मिला है, जिससे यह आरोप साबित हो सके। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

बेकरी प्रोडक्ट्स की शॉप तिफरा के यदुनंदन नगर में है। आरोप है कि जब कोई ग्राहक सामान खरीदने आता था, तो दुकानदार सामान पर थूककर उसे देता था। घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव हो गया है। बड़ी संख्या में लोग बेकरी के बाहर पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे।

हंगामे के दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दुकान संचालक और उसके बेटे को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को सिरगिट्टी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस दोनों को थाने लेकर पहुंची है और मामले की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस की तरफ से गिरफ्तारी की कोई जानकारी नहीं दी गई है।

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एएसपी ने बताया कि हिंदू संगठन की तरफ से शिकायक सौंपी गई है। दुकान में लगे CCTV डीवीआर कब्जे में लिया गया है। उसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल जो आरोप लगाए गए हैं उस तरह का कोई सबूत सीसीटीवी में नहीं दिखा है। वहीं, लोगों का कहना है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।