CG : शिक्षा मंत्री के बंगले के बाहर डटे अतिथि शिक्षक, दुर्ग में दिनभर प्रदर्शन, रात सड़क पर गुजारी
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे 1,000 से अधिक अतिथि शिक्षकों ने सोमवार की रात शिक्षा मंत्री के बंगले के बाहर सड़क पर गुजारी। पिछले 20 दिनों से धरने पर बैठे ये शिक्षक संविलियन, सेवा सुरक्षा और समान वेतन की मांग कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि वे पिछले 11 सालों से नक्सल प्रभावित और दूर-दराज के इलाकों में पढ़ा रहे हैं, लेकिन आज भी महज 20 हजार रुपये मानदेय पर काम करने को मजबूर हैं। इससे पहले ये शिक्षक शिक्षा मंत्री को खून से पत्र लिखकर इच्छामृत्यु तक की मांग कर चुके हैं। वहीं, इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि विद्यामितान के संबंध में जो भी सही होगा, सरकार वह निर्णय लेगी।
