बांग्लादेश में 700 किलो वाले ट्रम्प भैंसे की कुर्बानी रुकी, अब नेशनल जू भेजा गया

बांग्लादेश में डोनाल्ड ट्रम्प नाम से मशहूर सफेद भैंसे की ईद पर कुर्बानी रोक दी गई है। इस भैंसे को 3.85 लाख टका (करीब 3 लाख रूपए) में बेचा गया था। भैंसे को जिंजिरा के रसूलपुर इलाके के रहने वाले मोहम्मद शोरोन ने 23 मई को ईद-उल-अजहा पर कुर्बानी के लिए खरीदा था। इससे पहले यह राजधानी ढाका के पास नारायणगंज स्थित रबेया एग्रो फार्म में रह रहा था। 700 किलो के इस भैंसे की कीमत 550 टका प्रति किलोग्राम लगाई गई थी। जब भैंसे की लोकप्रियता बढ़ी, तो सरकार का ध्यान भी उसकी तरफ गया। इसके बाद बांग्लादेश के गृह मंत्रालय ने बुधवार को कुर्बानी रोकने का आदेश दिया।

गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने अधिकारियों से यह भी कहा कि जिस व्यक्ति ने कुर्बानी के लिए यह भैंसा खरीदा था, उसे उसके पूरे पैसे वापस किए जाएं। फिलहाल इस भैंसे को बांग्लादेश नेशनल जू में रखा गया है। जू प्रशासन ने उसके लिए अलग बाड़ा तैयार किया है और उसकी देखभाल के लिए खास कर्मचारी भी लगाए गए हैं। जू के क्यूरेटर अतीकुर रहमान ने बताया कि भैंसे को फिलहाल दो हफ्ते तक निगरानी और क्वारंटीन में रखा जाएगा। इसके बाद आम लोग उसे जू में देख सकेंगे।

इस भैंसे की सबसे खास बात उसके सिर पर मौजूद सुनहरे बालों का गुच्छा है, जो काफी हद तक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हेयरस्टाइल जैसा दिखता है। इसी वजह से लोगों ने मजाक-मजाक में उसका नाम डोनाल्ड ट्रम्प रख दिया था। वायरल होने के बाद लोगों की भारी भीड़ फार्म पर जमा होने लगी थी। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स ने इसे और लोकप्रिय बना दिया जिसके बाद इसकी चर्चा पूरी दुनिया में होने लगी।