अमेरिका में गुजराती महिला की हत्या, लूट के लिए स्टोर में घुसे नकाबपोश ने मारी गोली
अमेरिका के वर्जीनिया में एक गुजराती मूल की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक मेघना पटेल (47) एक स्टोर में काम करती थीं। सोमवार सुबह मेघना ने स्टोर खोला था। कुछ देर बाद ही एक नकाबपोश शख्स स्टोर में दाखिल हुआ और उन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद स्टोर में लूटपाट की और फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग स्टोर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, मेघना की मौके पर ही मौत हो गई थी। हत्या की पूरी घटना स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज में देखा जा सकता है कि एक अज्ञात शख्स स्टोर में दाखिल होता है। पहचान छिपाने के लिए उसने ट्रैक सूट, जैकेट, हाथों में दस्ताने, चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहनी हुई थी, जिससे उसकी सिर्फ आंखें ही दिखाई दे रही थीं।
आरोपी मेघना के पास पहुंचते ही उन पर ताबड़तोड़ दो-तीन राउंड फायरिंग कर देता है। उनके जमीन पर गिरते ही वह कैश बॉक्स से करंसी निकालकर फरार हो जाता है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मेघना पटेल मूल रूप से गुजरात में मेहसाणे जिले के जंत्राल गांव की रहने वाली हैं। परिवार के साथ वे पिछले 10 सालों से वर्जीनिया सिटी में रह रही थीं। इस स्टोर में करीब 8 सालों काम कर रही थीं। मेघनाबेन के पिता करसनभाई और माता कपिलाबेन गुजरात के जंत्राल गांव में ही रहते हैं।
