मिजोरम में सुनहरे बालों और ट्यूब जैसी नाक वाला चमगादड़ मिला, भारत में पहली बार पाया गया

भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (ZSI) के वैज्ञानिकों ने मिजोरम में सुनहरे बालों वाले चमगादड़ की खोज की है, जिसकी नाक घूमे हुए ट्यूब जैसी है। चमगादड़ की यह दुर्लभ प्रजाति पहली बार देश में पाई गई है। जेडएसआई ने एक बयान में कहा कि मिजोरम में आइजोल जिले के हमयूफांग गांव के जंगल में चमगादड़ों के शोधकर्ता डॉक्टर उत्तम सैकिया को चमगादड़ जीवों पर व्यवस्थित सर्वेक्षण करने के दौरान यह प्रजाति मिली। इस पर विस्तृत तुलनात्मक अध्ययन के लिए डॉ सैकिया ने ‘हंगेरियन नैचुरल हिस्ट्री म्यूजियम’ के डॉक्टर गैबोर सेसोरबा, जिनेवा के ‘नैचुरल हिस्ट्री म्यूजियम’ के डॉक्टर मैनुअल रुएदी और ‘नेचर कंजर्वेशन फाउंडेशन’ के डॉ रोहित चक्रवर्ती के साथ मिलकर काम किया।

विदेश में संग्रहालयों के नमूनों की जांच और मिजोरम के नमूने का डीएनए विश्लेषण करने के बाद, टीम ने इस प्रजाति की पुष्टि सुनहरे बालों तथा ट्यूब की तरह नाक वाले चमगादड़ (हार्पियोला आइसोडॉन) के रूप में की। शोधकर्ताओं ने मिजोरम के लुंगलेई ज़िले के सैरेप गांव से पहले इकट्ठा किए गए एक पुराने नमूने का भी अध्ययन किया, और इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि यह भी इसी प्रजाति का है।

इस नमूने को जेडएसआई कोलकाता में संरक्षित कर रखा गया था। सुनहरे बालों तथा ट्यूब की तरह नाक वाले चमगादड़ को पहली बार 2006 में ताइवान में खोजा गया था और फिर इसे दक्षिणी चीन और वियतनाम में भी देखा गया है। वैज्ञानिकों के अनुसार, समझा जाता है कि यह पहाड़ी जंगलों में पाई जाने वाली प्रजाति है और लाओस, कंबोडिया, थाईलैंड और म्यांमार जैसे देशों में उपयुक्त निवासों में इसके होने की संभावना है।

32-36 मिमी लंबे हाथों वाले इस छोटे चमगादड़ की पहचान इसके सुनहरे बालों और आकर्षक ट्यूब जैसे नथुनों से होती है। डॉ. सैकिया और उनकी टीम एक दशक से भी ज्यादा समय से भारतीय हिमालय क्षेत्र में चमगादड़ जीवों के गहन अध्ययन में लगी हुई है, जिसके दौरान उन्होंने भारत के लिए कई नई प्रजातियों और नए रिकॉर्डों का दस्तावेजीकरण किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *