BCCI को 2023-24 में ₹9742 करोड़ की कमाई हुई, इसमें से 5761 करोड़ IPL से आए

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने फाइनेंशियल ईयर 2023-24 में रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है और इसकी कुल आय 9742 करोड़ रुपए रही। फर्म रेडिफ्यूजन की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से आया। IPL ने अकेले 5,761 करोड़ रुपए का योगदान दिया। यानी बोर्ड की कुल कमाई का 59% हिस्सा IPL से आया। गैर-IPL मीडिया राइट्स से BCCI को 361 करोड़ रुपए की आमदनी हुई। IPL अब BCCI की सबसे बड़ी आय का सोर्स बन चुका है और रणजी ट्रॉफी समेत घरेलू क्रिकेट के खिलाड़ियों को बड़े मौके भी दे रहा है। रेडिफ्यूजन के मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप गोयल ने कहा, BCCI के पास रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी और सीके नायडू ट्रॉफी जैसे डोमेस्टिक टूर्नामेंट को व्यवसायिक बनाने की बड़ी क्षमता है, जिससे गैर-IPL राजस्व बढ़ सकता है। बोर्ड के पास करीब 30,000 करोड़ रुपए रिजर्व में है, जिससे हर साल लगभग 1,000 करोड़ रुपए ब्याज मिलता है।
मीडिया और ब्रॉडकास्टिंग राइट्स यानी IPL के मैचों के टेलीकास्ट करने का अधिकार। मैच के लाइव टेलिकास्ट के अलावा हाइलाइट्स तक सिर्फ वही कंपनी दिखा सकती है, जिसके पास मीडिया राइट्स हों। इससे ही BCCI को सबसे ज्यादा रेवेन्यू मिलता है। साल 2008 में टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए सालाना ₹50 करोड़ दिए गए थे। वहीं, 2023 में ये आंकड़ा सालाना ₹300 करोड़ से ज्यादा हो गया। टाटा और BCCI के बीच दो साल की डील हुई थी, इसके लिए कुल ₹600 करोड़ दिए गए। कोई भी नई टीम जब IPL का हिस्सा बनती है, इसके लिए फ्रेंचाइजी फीस देनी होती है। ये पूरा प्रोसेस बोली लगाकर होता है, जिसमें अलग-अलग कंपनियां या ग्रुप टीम खरीदने के लिए बिडिंग प्रोसेस का हिस्सा बनते हैं। साल 2022 में जब गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजायंट्स लीग का हिस्सा बनीं, तो BCCI के खाते में ₹12500 करोड़ जुड़ गए।