जिंदगीभर भीख मांगकर किया गुजारा, मरने के बाद भिखारी महिला के घर मिला 30 बोरियों में लाखों रुपये कैश
हम इंसान जिंदगी भर पैसे और खुशी के पीछे भागते रहते हैं, बिना यह सोचे कि एक दिन यह सब यहीं छूट जाएगा और हम खाली हाथ इस दुनिया से चले जाएंगे। यह सच्चाई तब सामने आई जब कर्नाटक के मांड्या की रहने वाली 68 साल की एक भिखारी महिला की मौत की खबर आई; उसने अपने घर में नकदी से भरे कई बोरे छोड़े थे जिनकी कीमत लाखों में थी
यह असल जिंदगी की कहानी कर्नाटक के मांड्या की रहने वाली हूर की है, जिन्होंने अपनी पूरी जिंदगी भीख मांगकर बिताई। 68 साल की हूर मांड्या में अपने घर में मृत पाई गईं। जब स्थानीय लोगों ने उनके घर की तलाशी ली, तो उन्हें 30 से ज्यादा बोरों में भरे हजारों सिक्के और 10, 20 और 50 रुपये के नोट मिले। एक वीडियो में स्थानीय लोगों को उनके सामान को खंगालते और पैसे गिनते हुए देखा गया।
हूर अपनी बहन के साथ किराए के घर में रहती थीं, जिनकी दो साल पहले मौत हो गई थी। दोनों में से किसी की भी शादी नहीं हुई थी। मरने के बाद हूर के घर से जो रकम मिली उसकी गिनती की गई। कुल रकम 8,40,000 रुपये निकली। यह पैसा उनके भाइयों को सौंप दिया गया। एक भाई ने 6 लाख रुपये लिए, जबकि दूसरे को 2,40,000 रुपये मिले, जिसे उसने एक मस्जिद को दान कर दिया।
वीडियो में स्थानीय लोगों को महिला भिखारी हूर के सामान को खंगालते और पैसे गिनते हुए देखा गया। हूर जहां रहती थीं, वहां बोरों में यह रकम भरी थी। ये सफेद, नीले और पीले रंग की प्लास्टिक बोरियां थीं। इन रकम को बांटने के लिए हूर के रिश्तेदारों में तनातनी भी हुई।
