फिर जेल से बाहर आया राम रहीम, 7 साल में 17वीं बार मिली पेरोल

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर 21 दिन की पेरोल मिल गई है. पेरोल मिलने के बाद मंगलवार सुबह करीब 6 बजकर 5 मिनट पर वह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकला. फिर अपने काफिले के साथ सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम के लिए रवाना हो गया. राम रहीम के जेल से बाहर निकलने के दौरान सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे. वह पेरोल की अवधि सिरसा स्थित आश्रम में बिताएगा.

जानकारी के अनुसार इस बार उसे 21 दिन की पेरोल मंजूर हुई है. इसके साथ ही राम रहीम के जेल से बाहर आने की संख्या 17 हो गई है. गौरतलब है कि गुरमीत राम रहीम सिंह साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी ठहराया जा चुका है और उसे सजा सुनाई गई है. इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी उसे दोषी करार दिया गया था. रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम को इससे पहले भी कई बार पेरोल और फरलो मिल चुकी है.

राम रहीम के बार-बार जेल से बाहर आने को लेकर विपक्षी दल और कई सामाजिक संगठन सवाल उठाते रहे हैं. हालांकि पेरोल पर बाहर आने के बाद इस बार भी उसके सिरसा आश्रम पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना है. प्रशासन की ओर से पेरोल की शर्तों के पालन पर नजर रखी जाएगी.

होशियारपुर से विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा ने गुरमीत राम रहीम को मिली पेरोल पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा ये तो ऐसे लगने लगा है, अन्य से मजाक है और ऐसे लोगों को तो बिल्कुल फरलो नहीं मिलनी चाहिए. यह सारी राजनीतिक फरलो है और जब सरकारों को लगता है कि ऐसे आदमियों की उनको जरूरत है, बाहर उनका कोई वोट बैंक है तो सरकारें उनको फरलो दे देती हैं.

इस तरह के पेरोल का हर तरह से विरोध होना चाहिए. मैं तो चीफ जस्टिस को कहना चाहता हूं इन केसों में कानून को अपना काम करना चाहिए और ऐसी पेरोल नहीं होनी चाहिए. मामले में सुप्रीम कोर्ट को संज्ञान लेना चाहिए.