बंगाल चुनाव के बाद PAK हैंडल्स फिर एक्टिव, इन्हीं ने फैलाई थी नोएडा प्रोटेस्ट से जुड़ी फेक न्यूज

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बंपर जीत के बाद सोशल मीडिया पर फेक न्यूज का सिलसिला तेज हो गया है. खास बात ये है कि इन अफवाहों के पीछे पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाले संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स का हाथ सामने आया है. ये अकाउंट्स ना सिर्फ गलत जानकारी फैला रहे हैं, बल्कि देश में माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी कर रहे हैं. नोएडा में मजदूरों के प्रोटेस्ट के दौरान भी इसी तरह की फर्जी खबरें वायरल हुई थीं, जिनका अब बड़ा खुलासा हुआ है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर लगातार भ्रामक और झूठी जानकारी पोस्ट की जा रही है. ये पोस्ट देखने में सामान्य लगती हैं, लेकिन इनके पीछे एक बड़ी साजिश काम कर रही है. पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद इन पोस्ट्स की संख्या अचानक बढ़ गई है. इनमें हिंसा, मौत और सरकारी कार्रवाई को लेकर झूठे दावे किए जा रहे हैं. इसका मकसद लोगों में डर और भ्रम फैलाना है.

कोलकाता पुलिस ने ऐसे ही एक संदिग्ध X हैंडल का फैक्ट चेक किया है. यह हैंडल ‘Anushi tiwari proud Indian’ नाम से चल रहा है. पहली नजर में यह एक भारतीय यूजर का अकाउंट लगता है, लेकिन जांच में इसके पीछे की सच्चाई चौंकाने वाली निकली. इस हैंडल से लगातार फर्जी पोस्ट और भड़काऊ कंटेंट शेयर किया जा रहा था.

जांच में सामने आया कि ‘Anushi Tiwari proud Indian’ नाम का यह X हैंडल कई महीनों से पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा है. इस हैंडल को चलाने वाले लोग अपनी असली पहचान छिपाने के लिए VPN का इस्तेमाल कर रहे थे. इससे उनका लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो जाता है और वे आसानी से अफवाह फैला पाते हैं. नोएडा में मजदूरों के प्रोटेस्ट के दौरान भी इसी हैंडल से फेक न्यूज फैलायी गई थी. उस समय दावा किया गया था कि पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे मजदूरों पर गोली चला दी, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई. यह खबर पूरी तरह झूठी थी, लेकिन इसके वायरल होने से इलाके में तनाव बढ़ गया था.

फर्जी खबरों के कारण नोएडा में स्थिति काफी बिगड़ गई थी. लोगों में गुस्सा फैल गया और कुछ जगहों पर हिंसा भी हुई. बाद में जब पुलिस ने जांच की तो सच्चाई सामने आई कि ये खबरें बाहरी स्रोतों से फैलाई गई थीं. इसका मकसद सिर्फ माहौल खराब करना और कानून-व्यवस्था को चुनौती देना था. नोएडा पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि कई संदिग्ध सोशल मीडिया हैंडल्स इस तरह की गतिविधियों में शामिल थे. ये सभी हैंडल्स एक नेटवर्क की तरह काम कर रहे थे और एक ही तरह की फर्जी खबरें अलग-अलग अकाउंट से शेयर की जा रही थीं. इससे इन अफवाहों को ज्यादा विश्वसनीय बनाने की कोशिश की जाती है.

अब वही संदिग्ध सोशल मीडिया हैंडल्स पश्चिम बंगाल को लेकर फर्जी खबरें फैला रहे हैं. चुनावी माहौल और उसके बाद की स्थिति का फायदा उठाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है. प्रशासन और पुलिस लगातार इन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं.