निलंबित TMC विधायक बोले- मैं बंगाल का ओवैसी, 2026 में किंगमेकर बनूंगा, मेरे बिना सरकार नहीं बनेगी
बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने मंगलवार को कहा कि वे बंगाल के ओवैसी हैं। हुमायूं ने AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के साथ अपने करीबी संबंधों का बखान करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा– मैंने उनसे बात की है। उन्होंने मुझसे कहा है कि वे हैदराबाद के ओवैसी हैं और मैं बंगाल का ओवैसी हूं। हुमायूं ने कहा– 2026 के विधानसभा चुनाव मैं किंगमेकर बनूंगा। मेरे समर्थन के बिना कोई भी पार्टी सरकार नहीं बना सकती। हुमायूं ने दावा किया कि 2026 में न तो TMC और न ही भाजपा अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा छू पाएगी। हुमायूं ने 6 दिसंबर को बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद के मॉडल पर एक मस्जिद की नींव रखी। इसी दिन उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मस्जिद के विध्वंस की 33वीं बरसी थी। मस्जिद को लेकर विवाद के चलते TMC ने 28 नवंबर को हुमायूं को पार्टी से सस्पेंड कर दिया था।
बाबरी मस्जिद शैली की मस्जिद के लिए अबतक करीब 3 करोड़ रुपए चंदा मिल चुका है। हुमायूं के अनुसार, मस्जिद निर्माण स्थल पर 12 दान पेटियां रखी गई थीं। 11 पेटियों से 57 लाख गिने जा चुके हैं। एक पेटी की गिनती बाकी है। QR कोड पेमेंट से 2.47 करोड़ चंदा मिला है। हुमायूं ने आगे कहा– मेरा अनुमान है कि 294 सीटों में कोई भी पार्टी 148 सीटों से ज्यादा नहीं ला पाएगी। मैं 22 दिसंबर को अपनी पार्टी की घोषणा करूंगा। मुर्शिदाबाद के बरहामपुर टेक्सटाइल्स मोड़ में एक लाख लोगों को मौजूदगी में नई पार्टी का गठन होगा।
जब मीडिया ने पूछा कि क्या उनकी पार्टी का नाम नेशनल कंजर्वेटिव पार्टी होगा, तो हुमायूं से ने सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा– मैं बाद में सब कुछ बताऊंगा। आपको 22 दिसंबर के बाद सब पता चल जाएगा
TMC से सस्पेंड होने के बाद हुमायूं ने संकेत दिया था कि वे विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। 8 दिसंबर को उन्होंने यू-टर्न लेते हुए कहा कि वह अपनी विधायकी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि दो और विधायक उनकी नई पार्टी में शामिल होंगे। हालांकि उन्होंने उनकी पहचान बताने से इनकार कर दिया।
हुमायूं ने 2026 के चुनाव में वाम दलों, कांग्रेस और AIMIM के साथ समझौता करने के भी आसार जताए हैं। उन्होंने कहा– अभी तक कांग्रेस से बात नहीं की है। माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने बातचीत की बात कही है। मुर्शिदाबाद में कांग्रेस और वाम दलों के साथ सीटों के बंटवारे की संभावना है।
