‘जो बच्ची के साथ गलत करता है उसपर माला चढ़ा दीजिए…’ बिहार सीएम सम्राट चौधरी का कड़ा बयान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अधिकारियों के साथ मीटिंग में बच्चियों के साथ हो रहे अपराध पर कड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा जो व्यक्ति 12 साल 15 साल की बच्ची के साथ गलत करता है उसे माला पहनने की आवश्यकता नहीं है उसपर माला चढ़ा दीजिए।उन्होंने कहा ऐसा व्यक्ति अपने परिवार का भी नहीं है वह किसी के साथ कुछ भी कर सकता है इसलिए ऐसे व्यक्ति को माला चढ़ाइए। वहीं बिहार के सभी जिलों के डीएम और एसपी के साथ बैठक में सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा-‘पंचायतों में महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को अधिकारी सहयोग शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के अंदर करें। क्राइम, करप्शन और कम्युनिलिज्म से कोई समझौता नहीं, विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।सभी अधिकारी संवेदनशीलता, तत्परता और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा सुनिश्चित करें।राज्य में कानून का राज कायम रखें और जनता को इसका सीधा लाभ मिले, ये सुनिश्चित करें।’
सीएम ने आगे कहा कि ‘सुशासन तभी स्थापित दिखेगा जब इसका लाभ त्वरित रूप से समय पर मिलेगा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाएं और जो भी कानून है और योजनाएं बनाई गई हैं उसे जमीन पर ठीक ढंग से लागू करें।जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक अपने कार्यालय में निश्चित रूप से सुबह 10 से दिन में 1 बजे तक बैठें, लोगों से मिलें और उनकी समस्याओं का समाधान करें।सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस पर व्यवस्थित ढंग से काम करें।’
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा पर किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। पुलिस दीदी का कॉन्सेप्ट लाया गया है उसको बेहतर ढंग से क्रियान्वित करें।शराबबंदी के सफल क्रियान्वयन को लेकर बेहतर ढंग से कार्य करें। शराब बेचनेवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। जो कारोबार अवैध है उसे पूरी तरह ध्वस्त करें।शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में पुलिस और प्रशासन के जो लोग संरक्षण प्रदान कर रहे हैं उन्हें चिह्नित कर सख्त कार्रवाई करें।लटकाने-भटकाने की प्रवृत्ति नहीं रखें, अधिकारी और पुलिस जनता के सहयोगी की भूमिका में रहें।ब्लॉक, अंचल एवं थाना का मुख्यमंत्री कार्यालय प्रतिदिन रियल मॉनीटरिंग करेगा और कार्यों की समीक्षा की जाएगी।ब्लॉक, अंचल एवं थाने में सी०सी०टीवी अवश्य लगाएं ताकि वहां की गतिविधियों और अवांछित लोगों पर नजर रखी जा सके।’
