993 रुपये महंगा हुआ LPG सिलेंडर, कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी इजाफा…
आज 1 मई से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिसने होटल और रेस्टोरेंट चलाने वालों की टेंशन बढ़ा दी है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती एनर्जी प्राइस और पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर अब सीधे भारत में गैस के दामों पर दिख रहा है. हालांकि, घर की रसोई संभालने वालों के लिए राहत की बात यह है कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर बने हुए हैं. मई महीने की शुरुआत के साथ आज सुबह19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है.सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मई को कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में ₹993 की बड़ी बढ़ोतरी की है. यह अब तक की सबसे बड़ी एकमुश्त बढ़ोतरी मानी जा रही है.
इंडियन ऑयल (IOC) द्वारा जारी नई दरों के मुताबिक, दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में ₹993 की भारी बढ़ोतरी की गई है. इस बदलाव के बाद अब दिल्ली में सिलेंडर ₹2,078.50 की बजाय ₹3,071.50 का मिलेगा. इसी तरह मुंबई और कोलकाता में भी कीमतों में भारी इजाफा हुआ है. इस बढ़ोतरी से खास तौर पर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर दबाव बढ़ सकता है.
जहां कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ है, वहीं आम लोगों के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. दिल्ली में 4.2 किलो वाला घरेलू LPG सिलेंडर अभी भी ₹913 के पुराने रेट पर ही मिल रहा है. मिडिल क्लास के लिए यह सुकून देने वाली खबर है क्योंकि रसोई के बजट पर फिलहाल कोई अतिरिक्त बोझ नहीं बढ़ा है. घरेलू गैस के दाम आखिरी बार 7 मार्च को ₹60 बढ़ाए गए थे.
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने बयान में कहा कि देश में मौजूद 33 करोड़ घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है
अलग-अलग शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर के नए रेट
देश के प्रमुख शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की आज से नई कीमतें इस प्रकार हैं..
दिल्ली में आज से ₹993 की बढ़ोतरी के बाद कमर्शियल सिलेंडर ₹3,071.50 का हो गया है.
कोलकाता में सबसे ज्यादा ₹994 का उछाल आया है. अब कोलकाता में सिलेंडर ₹2,208 के बजाय ₹3,202 में मिलेगा.
मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर का भाव ₹993 बढ़कर ₹3,024 हो गया है. पहले यह ₹2,031 में मिल रहा था.
चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹3,237 पहुंच गई है. पहले यहां रेट ₹2,246.50 था.
लगातार तीसरे महीने बढ़े दाम, ₹1,303 महंगा
28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम लगातार तीसरे महीने बढ़े है.
1 मार्च को कीमत ₹114.50 बढ़ी थी.
1 अप्रैल को ₹195.50 का इजाफा हुआ.
1 मई को ₹993 की भारी बढ़ोतरी हुई.
इन तीन महीनों में19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत कुल मिलाकर ₹1,303 तक बढ़ चुकी है.
