Bihar Election Result : रुझानों में लालू के दोनों बेटे पीछे, अनंत सिंह, सम्राट चौधरी, नीतीश मिश्रा जीते
पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से तेजस्वी यादव पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार एक नंबर पर चल रहे हैं। 11वें राउंड के बाद भी तेजस्वी यादव 4829 वोटों से पीछे हैं। वहीं महुआ सीट से तेज प्रताप यादव तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। 13वें राउंड में तेज प्रताप 27132 वोटों से लोजपा रामविलास के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह से पीछे चल रहे हैं।
गया टाउन विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी डॉ. प्रेम कुमार 20,408 मतों से विजयी रहे, जबकि बोधगया विधानसभा में राजद उम्मीदवार कुमार सर्वजीत ने 881 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, मोतिहारी विधानसभा सीट पर बीजेपी के प्रमोद कुमार ने चुनाव में सफलता हासिल की। इसके अलावा मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत कुमार सिंह, तारापुर से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी, झंझारपुर से भाजपा प्रत्याशी नीतीश मिश्रा ने जीत दर्ज की है। हालांकि, इनकी जीत की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार के अद्भुत और ऐतिहासिक जनादेश को सलाम करते हुए संदेश में कहा गया कि यह प्रचंड विजय सिर्फ़ चुनावी जीत नहीं, बल्कि राज्य के उज्ज्वल भविष्य की मुहर है। युवा शक्ति से लेकर जीविका दीदियों, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, माताओं–बहनों और नौजवानों तक, सभी ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया है कि विकास ही मार्ग है और NDA ही विकल्प। विधानसभा चुनाव 2025 में मिली यह एकतरफ़ा जीत वास्तव में जनता की उम्मीदों और सपनों की जीत है। इस विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए वादा किया गया है कि इसे विकास, सुशासन और सेवा में बदला जाएग।
