बिहार : 100 की स्पीड में स्टंटबाज लड़कियों का वीडियो वायरल, स्कॉर्पियो की खिड़की से बाहर लटकीं दिखी

बिहार में सोशल मीडिया पर अगर सबसे ज्यादा रील दिखते हैं तो वो हैं स्टंटबाजी के। लड़के बाइक और गाड़ी पर खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करते हैं और इसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। वो ऐसा वाहवाही बटोरने के लिए करते हैं। लेकिन कई दफा मामला उल्टा पड़ जाता है। पुलिस उन्हीं के वीडियो से उन्हें दबोच लेती है और फिर उन्हें थाने ले जाकर कान-कनैठी (माफी मांगना) करवा देती है।

लेकिन इस दफे तो मामला कुछ उल्टा ही हो गया, वो भी दो तरह से। एक वीडियो पटना में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब आप पूछेंगे कि मामला दो तरह से उल्टा क्यों हुआ? पहली तरह से उल्टा इसलिए हुआ कि स्टंट करने वाले लड़के नहीं बल्कि दो लड़कियां थीं, वो भी स्कॉर्पियो गाड़ी की खिड़की में लटक कर। इस तरह से वो खुद हादसे को बुलावा दे रही थीं। वहीं दूसरा उल्टा इस तरह से हुआ कि वीडियो न उन्होंने बनाया और न ही खुद सोशल मीडिया पर डाला। ये वीडियो तो उनके पीछे चली आ रही गाड़ी में बैठे लोगों ने बना लिया और पुलिस की जानकारी के लिए वायरल कर दिया।

 

वीडियो में जो तारीख डाली गई है वो 18 जनवरी 2026 की दोपहर 1 बजे की है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो लड़कियां एक सफेद स्कॉर्पियो की पिछली सीट की खिड़की से बाहर हैं। उनके शरीर के करीब-करीब आधा हिस्सा गाड़ी के बाहर है। वो हाथ फैलाए मौसम का मजा ले रही हैं। लेकिन उनके पीछे चल रही एक गाड़ी ये सब रिकॉर्ड कर रही है। उसमें मौजूद शख्स बोल रहा है कि ‘ये देखिए भाई साहब ये देखिए, हई देखिए। ये तो बहुत गड़बड़ बात है भाई। ये देखिए लीला। ये तो क्या कहा जाए, हम पटना से बिहटा जा रहे हैं रास्ते पे। हम कहते हैं लड़के, ये देखिए लड़कियों को।’