बीकानेर : ACB की बड़ी रेड में ‘करोड़पति’ बाबू का खुलासा…. घर से ₹75 लाख कैश, 1 किलो सोना और 4 बंगलों के दस्तावेज बरामद

राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Anti Corruption Bureau Rajasthan (ACB) ने बीकानेर संभाग में एक कनिष्ठ सहायक (LDC) के ठिकानों पर छापा मारकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। पंचायती राज विभाग में कार्यरत शुभकरण परिहार के पास आय से 938% अधिक संपत्ति मिलने का दावा किया गया है। एसीबी की 5 टीमों ने शुक्रवार सुबह एक साथ बीकानेर और फलोदी में छापेमारी की। कार्रवाई में भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी और संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए हैं।

डीजी एसीबी के निर्देश पर यह ऑपरेशन चलाया गया। जांच के दौरान बीकानेर के मातेश्वरी एन्कलेव (वैष्णोधाम के सामने), गंगाशहर के बागीनाडा छींपों का मोहल्ला और जयपुर रोड स्थित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसके अलावा आरोपी के पैतृक गांव पुनरासर और फलोदी जिले की बाप पंचायत समिति के कानासर स्थित ठिकानों पर भी एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

तलाशी के दौरान घर के अंदर 500-500 रुपये के नोटों के बंडल पैक हालत में मिले। अब तक करीब ₹75.80 लाख नकद बरामद किए जा चुके हैं।

इसके अलावा:

1 किलो से अधिक सोना

करीब 2 किलो चांदी

बीकानेर शहर में 3 आलीशान मकानों के दस्तावेज

गांव पुनरासर में 1 मकान

करीब 17 हेक्टेयर (100 बीघा से अधिक) कृषि भूमि के कागजात बरामद किए गए हैं।

एसीबी की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुभकरण परिहार की कुल संपत्ति उसकी वैध आय से 938 प्रतिशत अधिक है। एक साधारण एलडीसी पद पर कार्यरत कर्मचारी के पास इतनी बड़ी संपत्ति मिलने से अधिकारियों के भी होश उड़ गए। एसीबी का दावा है कि यह संपत्ति भ्रष्टाचार के जरिए अर्जित की गई है। फिलहाल दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच जारी है।

यह पूरी कार्रवाई डीआईजी भुवन भूषण यादव की मॉनिटरिंग में की गई। एडीएसपी विनोद कुमार और आशीष कुमार की टीमें भी मौके पर जांच में जुटी हुई हैं। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि शाम तक कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *