बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट फिर बंद, 25 अक्टूबर को संचालन शुरू हुआ, अगले दिन ही उड़ान रद्द

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कोलकाता के बीच 37 दिनों से बंद फ्लाइट को विंटर शेड्यूल में शामिल किया गया था। 25 अक्टूबर को इसका दोबारा संचालन शुरू हुआ, लेकिन एक दिन बाद ही उड़ान फिर बंद कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, पहले दिन 36 यात्रियों ने सफर किया था, जबकि अगले दिन 42 यात्रियों की बुकिंग थी। इसके बावजूद फ्लाइट का संचालन नहीं हुआ, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोलकाता की उड़ान इससे पहले भी बंद की जा चुकी है। 12 अगस्त 2026 को सुबह की फ्लाइट का समय बदलकर दोपहर कर दिया गया था। उस समय सुबह की उड़ान में करीब 45 से 50 यात्री सफर कर रहे थे। इसके बाद 18 सितंबर को कम यात्री मिलने का हवाला देकर उड़ान बंद कर दी गई थी। तब इसे विंटर शेड्यूल में दोबारा शुरू करने की बात कही गई थी। इसी के तहत 25 अक्टूबर को सेवा बहाल हुई, लेकिन अगले ही दिन इसका संचालन फिर रोक दिया गया।

विंटर शेड्यूल में कोलकाता की फ्लाइट दोबारा शुरू करने के बाद बंद किए जाने पर शहर के लोगों ने नाराजगी जताई है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट और यहां के यात्रियों के साथ फ्लाइट सुविधा के नाम पर मजाक किया जा रहा है।

समिति का कहना है कि जब से उड़ान शुरू हुई है, तब से यात्री नहीं मिलने का बहाना बनाया जा रहा है, जबकि स्थिति अलग है। 42 यात्रियों की बुकिंग को कम नहीं कहा जा सकता। जब फ्लाइट दोबारा शुरू की गई और यात्रियों ने बुकिंग भी कराई, तो इसे नियमित चलाने के बजाय फिर बंद क्यों कर दिया गया।

एयरपोर्ट डायरेक्टर बीरेन सिंह ने बताया कि बिलासपुर से कोलकाता की उड़ान बंद होने की जानकारी एलायंस एयर से मिली है। हालांकि, इसकी आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।

छत्तीसगढ़ एविएशन डिपार्टमेंट के डायरेक्टर मुकेश बंसल ने कहा कि बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट बंद नहीं हुई है। इसे हैदराबाद से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मुताबिक, उड़ान बंद नहीं है और इसका संचालन जारी है।