रायपुर में ED का बड़ा एक्शन! अनवर ढेबर के घर समेत 3-4 ठिकानों पर छापेमारी
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। दीपावली से पहले रायपुर नगर निगम के पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भाई और कारोबारी अनवर ढेबर के बैरन बाजार स्थित घर पर ED की टीम ने सुबह दबिश दी। जानकारी के मुताबिक, ED के अधिकारी दो गाड़ियों में अनवर ढेबर के निवास पर पहुंचे। रायपुर में करीब 3 से 4 ठिकानों पर छापेमारी की जानकारी सामने आई है। अनवर ढेबर के घर के बाहर सुरक्षाबल तैनात हैं और अधिकारी अंदर दस्तावेजों तथा अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। अनवर ढेबर छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाला मामले में आरोपी हैं। हालांकि, ED की ताजा छापेमारी किस मामले से संबंधित है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। इसलिए इसे शराब घोटाले से जुड़ी नई कार्रवाई बताने की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। इससे दो दिन पहले दुर्ग में भी ED की छापेमारी की जानकारी सामने आई थी। लगातार हो रही कार्रवाई के बीच जांच एजेंसी के अगले कदम पर नजर बनी हुई है।
