बिलासपुर: कोनी-मोपका बायपास निर्माण को मिली मंजूरी, 75.73 करोड़ से बनेगी 13.4 किमी फोरलेन सीसी सड़क
बिलासपुर में कोनी-मोपका बाइपास रोड को अब फोरलेन सीमेंट कांक्रीट सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 75.73 करोड़ रुपये का टेंडर स्वीकृत किया गया है। 13.4 किलोमीटर लंबी यह सड़क भारी वाहनों के दबाव से शहरवासियों को निजात दिलाएगी। वर्तमान में बारिश के दिनों में यह बाइपास रोड चलने लायक नहीं रहती, जिससे वाहनों के फंसने और जाम लगने की स्थिति बनी रहती है। उपमुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के बिलासपुर संभाग क्रमांक-1 के कार्यपालन अभियंता को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के एसडीओ सुनील चंद्रा ने बताया कि सड़क निर्माण का वर्क ऑर्डर दुर्ग की एनसी नाहर कंपनी को 75.73 करोड़ रुपये में दिया गया है। इस परियोजना को 24 महीने की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह फोरलेन सड़क कटघोरा एनएच 130 और सीपत 130 (ए) हाइवे को जोड़ेगी। इससे भारी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश किए बिना सीधे अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इस फोरलेन रोड के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य वर्ष 2010 से 2016 के बीच ही पूरा कर लिया गया था।
