कांकेर में बिजली गिरने से उप-सरपंच समेत 3 की मौत, कोरबा में दंपती पर गिरा पेड़, पति ने तोड़ा दम

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जहां अंतागढ़ विकासखंड के कलगांव में रोजगार गारंटी योजना के तहत तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक उप-सरपंच और दो अन्य लोगों की मौत हो गई, जबकि महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। सभी घायल महिलाओं को इलाज के लिए अंतागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यहां एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना अंतागढ़ विकास खंड के कलगांव गांव में हुई, जब ग्रामीण एक सरकारी योजना के तहत तालाब को गहरा करने का काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जब अचानक बिजली गिरी, तो उस जगह पर लगभग 70 ग्रामीण काम कर रहे थे, जिससे आठ लोग झुलस गए। इस घटना में डिप्टी सरपंच मनराज पटेल, संतोष पटेल और प्रकाश पटेल की मौत हो गई।

अधिकारी के अनुसार, जब यह घटना हुई, तो ग्रामीण ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ योजना के तहत काम कर रहे थे, जिसे पहले मनरेगा (MNREGA) योजना के नाम से जाना जाता था। शुक्रवार की सुबह अचानक से हुई बारिश से बचने के लिए सभी मजदूर पास के पेड़ के नीचे आ गये थे। जहां आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।