Birthday Special : बॉलीवुड के मशहूर सिंगर, संगीतकार हिमेश रेशमिया का आज जन्मदिन…

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर, संगीतकार और अभिनेता हिमेश रेशमिया आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनकी जिंदगी और करियर कई बार विवादों में भी रहे हैं। खास तौर पर उनके सुपरहिट गाने ‘आशिक बनाया आपने’ और ‘नाक से गाने’ के अंदाज ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया। हिमेश रेशमिया को जिस गाने से बॉलीवुड में पहचान मिली वो है- ‘आशिक बनाया आपने। ‘आशिक बनाया आपने’ का जलवा और विवाद साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ का टाइटल ट्रैक से शुरू हुआ। यह गाना हिमेश की आवाज में सुपरहिट हुआ। इस गाने ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। लेकिन उनके हाई-पिच और ‘नाक से गाने’ के अंदाज की वजह से उनकी खूब आलोचना भी हुई। सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें ट्रोल भी किया और उनके गायकी के स्टाइल का मजाक उड़ाया। फिर भी, हिमेश ने हार नहीं मानी और ‘झलक दिखला जा’, ‘तेरा सुरूर’ जैसे कई हिट गाने दिए।
हिमेश का सबसे बड़ा विवाद तब हुआ जब उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि मशहूर संगीतकार आरडी बर्मन भी ‘नाक से गाते’ थे, लेकिन उनकी आलोचना नहीं हुई। यह बात लीजेंड सिंगर आशा भोसले को बिल्कुल पसंद नहीं आई। उन्होंने गुस्से में कहा, “अगर कोई कहे कि बर्मन साहब नाक से गाते थे, तो उसे थप्पड़ मारना चाहिए।” इस बयान ने खूब सुर्खियां बटोरीं। बाद में हिमेश ने अपनी गलती मानी और आशा भोसले से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वह आशा जी का सम्मान करते हैं और उनका बयान गलतफहमी का नतीजा था। बॉलीवुड में हिमेश का सफर 1998 में सलमान खान की फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ से बतौर संगीतकार शुरुआत हुआ। इसके बाद उन्होंने ‘तेरे नाम’, ‘ऐतराज’ और ‘बॉडीगार्ड‘ जैसी फिल्मों में उनके गाने सुपरहिट हुए। गायकी के अलावा उन्होंने ‘आप का सुरूर‘ से एक्टिंग में भी कदम रखा, लेकिन अभिनय में उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली।
हिमेश की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वो इंटरनेट का दौर नहीं था कि कोई भी गाना फ्री में सुन लें या रील में आ गया तो सुन लिया, वो DVD, ऑडियो कैसेट्स और CD का जमाना था। फिर भी हर घर में हिमेश के गानों की एक सीडी जरूर होती थी। आज भले ही म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स बदल गए हों, लेकिन हिमेश रेशमिया का संगीत आज भी लोगों के दिलों में उसी जगह पर कायम है। हिमेश ने ‘बंधन’ और ‘हेलो ब्रदर’ जैसी फिल्मों में भी संगीत दिया। ‘दुल्हन हम ले जाएंगे’ उनकी पहली फिल्म थी, जिसमें उन्होंने अकेले संगीत दिया। हिमेश को फिल्म ‘हमराज’ से पहचान मिली। इस फिल्म के संगीत के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में नॉमिनेशन मिला।
सलमान की एक और फिल्म ‘तेरे नाम’ में संगीत देने के बाद वह और ज्यादा चर्चा में आए। इस फिल्म के म्यूजिक के लिए उन्हें ‘जी सिने अवॉर्ड’ और ‘स्क्रीन अवॉर्ड’ जैसे सम्मान मिले। 2004 में उन्होंने दस फिल्मों में संगीत दिया। इसमें ‘एतराज’ भी शामिल थी। 2005 में भी उन्होंने दस फिल्मों के लिए काम किया। इसी साल उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की। उनका गाना ‘आशिक बनाया आपने’ बहुत लोकप्रिय हुआ। इसके लिए उन्हें ‘फिल्मफेयर’ जैसे कई अवॉर्ड मिले।
हिमेश की पहली शादी बहुत कम उम्र में हो गई थी। उन्होंने कोमल रेशमिया से शादी की थी, जिनसे उन्हें एक बेटा स्वयं है, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं। 2016 में, हिमेश और कोमल ने तलाक लेने का फैसला किया। उस समय कोमल ने मीडिया से कहा था कि उनकी शादी में कोई विवाद नहीं है, बस समय और सोच में फर्क आ गया है।
इसी बीच टीवी एक्ट्रेस सोनिया कपूर चर्चा में आई थीं। हिमेश और सोनिया की दोस्ती लंबे समय से थी, लेकिन जब हिमेश की शादी टूटी, तो दोनों की नजदीकियों ने अफेयर का रूप ले लिया। मीडिया में कई बार दोनों को साथ देखा गया, लेकिन शुरुआत में हिमेश ने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। 2018 में हिमेश रेशमिया ने सोनिया कपूर से शादी की थी। यह शादी बेहद निजी समारोह में हुई, जिसमें केवल परिवार के लोग और करीबी दोस्त शामिल हुए। शादी के बाद हिमेश ने सोशल मीडिया पर सोनिया के साथ एक तस्वीर शेयर की और लिखा, “साथ रहना आनंद है!”