Birthday Special : आज 38 साल के हुए विराट कोहली, सुरेश रैना बोले- एक बार का किंग, हमेशा किंग

विराट कोहली गुरुवार को 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर कई क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर बधाईयां दी हैं। इनमें शिखर धवन, रवि शास्त्री, सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक भी शामिल हैं। सुरेश रैना ने लिखा- एक बार का किंग, हमेशा किंग रहता है। वहीं दिनेश कार्तिक ने कोहली के फिटनेस की तारीफ की है। भारत के पूर्व हेड कोच रहे रवि शास्त्री ने खास अंदाज में कोहली को जन्मदिन की बधाई दी है।

पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन ने कोहली को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके खेल के प्रति जुनून, मेहनत और लगन की तारीफ की। उन्होंने लिखा कि कोहली का खेल के प्रति प्यार आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करता है।

पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने कोहली को किंग बताते हुए उनके कवर ड्राइव और यादगार रन चेज का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि कोहली ने क्रिकेट फैंस को अनगिनत यादें दी हैं। उन्हें कोहली की बल्लेबाजी देखना बेहद पसंद है।

पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज और कोहली के RCB साथी दिनेश कार्तिक ने उनकी फिटनेस और खेल के जुनून की तारीफ की। उन्होंने लिखा, ‘हर साल वही आग और जुनून। 38 साल की उम्र में भी इतनी फिटनेस पहले कभी नहीं देखी। जन्मदिन मुबारक हो विराट।’

पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने विराट कोहली की बल्लेबाजी करते हुए एक तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा, ‘जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं चैंपियन। 37वें साल के आखिरी दिनों में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हो। इसी तरह अपना खेल जारी रखो। मैं 38 का हो रहा हूं, लेकिन 36 का लग रहा हूं। ओह ला ला!’

शास्त्री ने इस संदेश के साथ हंसने और चश्मा लगाए इमोजी भी शेयर किए।