बंगाल में 9 मई को भाजपा सरकार की शपथ, ममता-अभिषेक की सुरक्षा हटाई, विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा पेश किया
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ समारोह 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे होगा। प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बताया कि 8 मई को विधायक दल की बैठक होगी। वहीं ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के आवास समेत कैमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा हटा दी गई। हालांकि उन्हें पहले की तरह Z-कैटेगरी सुरक्षा मिलती रहेगी। तमिलनाडु में TVK चीफ विजय बुधवार को लोकभवन में राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। TVK ने 108 सीटें जीती हैं। उन्हें सरकार बनाने के लिए 118 विधायक चाहिए। फिलहाल TVK को 5 विधायकों वाली कांग्रेस का समर्थन मिल चुका है।
नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनघेरी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला हुआ। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।घायलों में नाजाट थाने के ऑफिसर इन-चार्ज, एक कांस्टेबल, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बलों के दो जवान शामिल हैं। 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK की 108 सीटें हैं, लेकिन विजय दो सीटों पर जीते हैं, इसलिए एक सीट छोड़ने पर यह 107 रह जाएंगी। कुल सीटें 233 होने पर भी बहुमत 118 ही रहेगा, इसलिए TVK को 11 और विधायक चाहिए। फिलहाल कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन मिला है।
TVK ने बुधवार को अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम के चेंगलपट्टू स्थित फोर पॉइंट्स नाम के रिसॉर्ट में शिफ्ट कर दिया है।
