राहुल के प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखी ब्राजीलियन मॉडल सामने आई, वीडियो में बोली- बिना पूछे तस्वीर खरीदी, कभी भारत नहीं गई
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिस ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर दिखाई थी, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। कई X अकाउंट पर उसका एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया गया कि महिला का नाम लेरिसा है। ब्राजीलियन महिला ने पुर्तगाली में बात करते हुए वीडियो में कहा- भारत की राजनीति से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मेरी तस्वीर एक स्टॉक इमेज प्लेटफॉर्म से खरीदी गई है। वह तस्वीर पुरानी और शुरुआती मॉडलिंग के दिनों की है, जब मैं 18 या 20 साल की थी। महिला ने दावा किया कि वह अब मॉडल नहीं है। उसने कहा- मेरी तस्वीर इजाजत के बिना इस्तेमाल की गई। मैं तो कभी भारत भी नहीं गई। वे लोगों को ठगने के लिए मुझे भारतीय बता रहे हैं। क्या पागलपन है! यह कैसा पागलपन है, हम किस दुनिया में रह रहे हैं?
राहुल ने कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि हरियाणा में 2024 विधानसभा चुनाव में 25 लाख वोट चोरी हुए। राहुल ने एक ब्राजीलियन मॉडल की फोटो दिखाई थी। राहुल ने सवाल किया कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजीलियन लड़की का क्या काम है। उन्होंने प्रजेंटेशन दिखाते हुए दावा किया कि ब्राजीलियन मॉडल ने हरियाणा चुनाव के दौरान 10 बूथ पर सीमा, स्वीटी और सरस्वती के नाम पर 22 बार वोट डाला। एक अन्य महिला ने एक असेंबली में 100 बार वोट किया। इस तरह 25 लाख वोटों की चोरी हुई।
राहुल गांधी ने ब्राजीलियन मॉडल का नाम नहीं बताया। हालांकि उसकी तस्वीर फोटोग्राफर मैथियस फेरेरो ने फ्री स्टॉक इमेज प्लेटफॉर्म Unsplash.com पर अपलोड की थी। राहुल ने यह तस्वीर वहीं से निकाली। मॉडल की तस्वीर पहली बार 2 मार्च, 2017 को पब्लिश की गई थी और इसे Unsplash लाइसेंस के तहत 5.9 करोड़ से ज्यादा बार देखा और 4 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।
